सरगुजा

4 नए लेबर कोड के विरोध में सीजीएसपीईयू का प्रदर्शन, गजट नोटिफिकेशन की प्रतियां जलाईं
21-May-2026 10:17 PM
4 नए लेबर कोड के विरोध में सीजीएसपीईयू का प्रदर्शन, गजट नोटिफिकेशन की प्रतियां जलाईं

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर, 21 मई। केंद्र सरकार द्वारा चारों लेबर कोड के रूल्स का गजट नोटिफिकेशन जारी किए जाने के विरोध में छत्तीसगढ़ सेल्स प्रमोशन एम्प्लॉइज यूनियन (सीजीएसपीईयू) अंबिकापुर इकाई ने गुरुवार को घड़ी चौक पर विरोध प्रदर्शन किया। यूनियन पदाधिकारियों और मेडिकल एवं सेल्स रिप्रेजेंटेटिव्स ने नारेबाजी करते हुए चारों लेबर कोड्स के गजट नोटिफिकेशन की प्रतियां जलाकर अपना विरोध दर्ज कराया।

यूनियन पदाधिकारियों ने आरोप लगाया कि लेबर कोड लागू होने से स्थायी प्रकृति के कार्यों में लगे कर्मचारियों की नौकरियां फिक्स्ड टर्म एम्प्लॉयमेंट के तहत अस्थायी हो जाएंगी, जिससे श्रमिकों और कर्मचारियों का भविष्य असुरक्षित हो जाएगा। उन्होंने कहा कि वर्षों के संघर्ष से मिले श्रमिक अधिकार और सामाजिक सुरक्षा के लाभ भी खतरे में पड़ जाएंगे। यूनियन ने इसे श्रमिक विरोधी कदम बताते हुए कहा कि इससे कर्मचारियों को बंधुआ मजदूर बनाने की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है।

प्रदर्शन के दौरान केंद्र सरकार से चारों लेबर कोड्स को तत्काल वापस लेने की मांग की गई।

इस अवसर पर सीजीएसपीईयू के संयुक्त महासचिव कॉ. प्रकाश नारायण सिंह, अंबिकापुर इकाई के अध्यक्ष कॉ. प्रवीण सिंह, सचिव कॉ. रघुनाथ प्रधान, उपाध्यक्ष कॉ. विमल शर्मा, सह सचिव कॉ. अजय कुमार विवेक सहित बड़ी संख्या में मेडिकल एवं सेल्स रिप्रेजेंटेटिव उपस्थित रहे।

उक्त जानकारी सीजीएसपीईयू अंबिकापुर इकाई के सचिव कॉ. रघुनाथ प्रधान ने प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से दी।


अन्य पोस्ट