सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 20 मई। ऑनलाइन दवाओं की बिक्री के विरोध में बुधवार को ऑल इंडिया केमिस्ट एसोसिएशन के आह्वान पर आयोजित देशव्यापी हड़ताल का असर अंबिकापुर सहित सरगुजा जिले में भी दिखाई दिया। सरगुजा औषधि विक्रेता संघ के समर्थन में शहर की अधिकांश मेडिकल दुकानें बंद रहीं, जिससे दवा कारोबार प्रभावित रहा।
हड़ताल के दौरान केमिस्ट संघ के पदाधिकारियों ने ऑनलाइन माध्यम से दवाओं की बिक्री को जनस्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा बताया। उनका कहना था कि बिना पर्याप्त निगरानी और सत्यापन के ऑनलाइन दवाओं की आपूर्ति होने से नकली, एक्सपायरी या गलत दवाइयों के उपयोग का खतरा बढ़ रहा है। साथ ही युवाओं में नशीली दवाओं के दुरुपयोग की आशंका भी लगातार बढ़ती जा रही है।
संघ पदाधिकारियों ने कहा कि दवाओं जैसे संवेदनशील स्वास्थ्य उत्पादों की बिक्री केवल अधिकृत एवं पंजीकृत मेडिकल स्टोरों के माध्यम से ही की जानी चाहिए, ताकि दवाओं की गुणवत्ता और मरीजों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके। उनका कहना था कि ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर बिकने वाली दवाओं की गुणवत्ता और स्रोत को लेकर अब तक स्पष्ट और प्रभावी व्यवस्था नहीं बन पाई है।
सरगुजा औषधि विक्रेता संघ के कोषाध्यक्ष प्रकाश श्रीवास्तव ने सरकार से ऑनलाइन दवा बिक्री पर सख्त नियंत्रण के लिए प्रभावी नियम लागू करने की मांग की। वहीं संघ सदस्य नरेंद्र सिंह टुटेजा ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि सरकार ने जल्द ठोस कदम नहीं उठाए, तो केमिस्ट संगठन अनिश्चितकालीन हड़ताल करने को मजबूर होगा।
हड़ताल के दौरान मेडिकल व्यापारियों ने एकजुटता दिखाते हुए पारंपरिक दवा व्यवसाय की सुरक्षा और आम लोगों के स्वास्थ्य हितों को प्राथमिकता देने की मांग की।


