सरगुजा
10 दिन में कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन की चेतावनी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
लखनपुर, 20 मई। सरगुजा जिला के लखनपुर विकासखंड अंतर्गत कटकोना से पुहपुटरा, सिरकोतंगा होते हुए रजपुरीकला तक पहुंच मार्ग की जर्जर स्थिति को लेकर ग्रामीणों एवं जनप्रतिनिधियों ने लखनपुर तहसील कार्यालय पहुंचकर एसडीएम के नाम ज्ञापन सौंपा। कांग्रेस प्रदेश सचिव रणविजय सिंहदेव के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन में जल्द सडक़ निर्माण की मांग की गई है।
प्रदेश सचिव रणविजय सिंहदेव ने बताया कि कटकोना से पुहपुटरा, सिरकोतंगा होते हुए रजपुरीकला तक जाने वाला मार्ग वर्षों से बदहाल स्थिति में है। यह मार्ग एसईसीएल विश्रामपुर के अधीन आता है, लेकिन कई बार मांग किए जाने के बावजूद अब तक सडक़ का निर्माण नहीं कराया गया है। उन्होंने कहा कि सडक़ पूरी तरह जर्जर हो चुकी है, जिससे क्षेत्र के लोगों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि इस मार्ग से प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग आवागमन करते हैं, लेकिन सडक़ की खराब स्थिति के कारण दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। इसी समस्या को लेकर कांग्रेस पदाधिकारियों, जनपद सदस्यों और ग्रामीण प्रतिनिधिमंडल ने प्रशासन से तत्काल सडक़ निर्माण कराने की मांग की है।
प्रतिनिधिमंडल ने प्रशासन को 10 दिनों का समय देते हुए चेतावनी दी है कि यदि निर्धारित समय में सडक़ निर्माण को लेकर ठोस पहल नहीं की गई तो उग्र आंदोलन किया जाएगा।
वहीं, इस मामले में एसडीएम लखनपुर ने कहा कि ज्ञापन की जानकारी उच्चाधिकारियों को भेजी जाएगी तथा उनके निर्देश के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
ज्ञापन सौंपने के दौरान प्रदेश सचिव रणविजय सिंहदेव के साथ जिला उपाध्यक्ष कृपाशंकर गुप्ता, जनपद सदस्य धर्मेंद्र झारिया, मुकेश सिंह, मोहनलाल सहित ग्राम पंचायत कटकोना, पुहपुटरा एवं सिरकोतंगा के सरपंच और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।


