सरगुजा

विवाद में बीच-बचाव करना पड़ा भारी, टांगी से हमला
20-May-2026 9:43 PM
विवाद में बीच-बचाव करना पड़ा भारी, टांगी से हमला

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर, 20 मई। लखनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम कोरजा घुमकापारा में आपसी विवाद के दौरान बीच-बचाव करने पहुंचे एक व्यक्ति पर टांगी व लाठी-डंडे से हमला किए जाने का मामला सामने आया है। घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लखनपुर में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मामले में अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

 ग्राम कोरजा घुमकापारा निवासी बच्चूलाल मंगलवार को अपने पोते नंदकुमार के साथ चचेरे भाई के घर भोज खाने जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में गांव के दो भाई उमेश और सुखसाय किसी बात को लेकर आपस में विवाद कर रहे थे। बच्चूलाल ने दोनों को झगड़ा करने से मना किया, जिससे दोनों आरोपी नाराज हो गए और बच्चूलाल पर ही हमला कर दिया।

बताया जा रहा है कि आरोपियों ने टांगी जैसे धारदार हथियार तथा लाठी-डंडे से ताबड़तोड़ हमला कर दिया, जिससे बच्चूलाल के सिर, हाथ और पैर में गंभीर चोटें आईं। घटना के बाद परिजनों ने घायल को एम्बुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लखनपुर पहुंचाया, जहां उसका उपचार जारी है।

मामले की सूचना घायल की पुत्री सतरंगी द्वारा लखनपुर पुलिस को दी गई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 296(बी), 351(3), 115(2), 3(5) एवं 173 बी के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।


अन्य पोस्ट