सरगुजा

राष्ट्रीय वुडबॉल स्पर्धा में सरगुजा के खिलाडिय़ों का शानदार प्रदर्शन
20-May-2026 9:42 PM
राष्ट्रीय वुडबॉल स्पर्धा में सरगुजा के खिलाडिय़ों का शानदार प्रदर्शन

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर, 20 मई। रायपुर स्थित कृष्णा विकास ग्लोबल स्कूल में आयोजित 20वीं सीनियर राष्ट्रीय वुडबॉल चैंपियनशिप 2026 में सरगुजा जिले के खिलाडिय़ों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रदेश और जिले का नाम रोशन किया। प्रतियोगिता में देशभर की 24 टीमों ने हिस्सा लिया, जिसमें छत्तीसगढ़ प्रदेश टीम का प्रतिनिधित्व कर सरगुजा के खिलाडिय़ों ने विभिन्न स्पर्धाओं में पदक हासिल किए।

प्रतियोगिता के सीनियर गल्र्स स्ट्रोक इवेंट में साक्षी कुमारी, सुरभि शर्मा, श्रीजल जायसवाल एवं अनु जायसवाल ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए ब्रॉन्ज मेडल अपने नाम किया। वहीं सीनियर बॉयज डबल्स इवेंट में आकाश दुबे ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए ब्रॉन्ज मेडल जीतकर जिले को गौरवान्वित किया। इसके अलावा संदीप सिंहा एवं राजपाल कुजूर ने भी प्रतियोगिता में सराहनीय प्रदर्शन किया।

राष्ट्रीय प्रतियोगिता में सरगुजा जिले से रजत सिंह, अभिजीत झा, प्रिया जायसवाल एवं खुशबू गुप्ता ने निर्णायक (रेफरी) के रूप में अपनी महत्वपूर्ण सेवाएं दीं। राष्ट्रीय स्तर पर सफलतापूर्वक दायित्व निभाने पर उन्हें सम्मानित भी किया गया।

राष्ट्रीय कोच राजेश प्रताप सिंह ने खिलाडिय़ों की उपलब्धि पर खुशी जताते हुए कहा कि सरगुजा जिले के खिलाड़ी लगातार राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि खिलाडिय़ों की मेहनत, अनुशासन और निरंतर अभ्यास का ही परिणाम है कि वे राष्ट्रीय स्तर पर जिले और प्रदेश का नाम रोशन कर रहे हैं। साथ ही जिले के निर्णायकों द्वारा भी प्रतियोगिता में सफलतापूर्वक सेवाएं प्रदान करना गौरव की बात है।

खिलाडिय़ों की उपलब्धि पर पूर्व खिलाड़ी एवं समाजसेवक संजय अग्रवाल, भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश कार्यसमिति सदस्य निशांत सिंह ‘गोल्डी’, सौरभ सिंहा, सुनैना जायसवाल, आकाश गुप्ता सहित सरगुजा जिला बास्केटबॉल संघ एवं सरगुजा वुडबॉल संघ के पदाधिकारियों ने खिलाडिय़ों को बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।


अन्य पोस्ट