सरगुजा

संत गहिरा गुरु विवि की भर्ती में गड़बड़ी का आरोप
19-May-2026 9:52 PM
संत गहिरा गुरु विवि की भर्ती में गड़बड़ी का आरोप

युवा कांग्रेस-एनएसयूआई ने सौंपा ज्ञापन

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर, 19 मई। संत गहिरा गुरु यूनिवर्सिटी में असिस्टेंट प्रोफेसर और एसोसिएट प्रोफेसर भर्ती प्रक्रिया को लेकर एक बार फिर विवाद गहरा गया है। युवा कांग्रेस आरटीआई विभाग और एनएसयूआई ने विश्वविद्यालय प्रशासन पर नियमों की अनदेखी एवं करोड़ों रुपये के लेनदेन के जरिए भर्ती प्रक्रिया संचालित करने का गंभीर आरोप लगाया है।

जानकारी के अनुसार विश्वविद्यालय द्वारा 22 दिसंबर 2025 को असिस्टेंट प्रोफेसर एवं एसोसिएट प्रोफेसर पदों के लिए विज्ञापन जारी किया गया था। युवा कांग्रेस आरटीआई विभाग के चेयरमैन हिमांशु जायसवाल एवं विश्वविद्यालय एनएसयूआई अध्यक्ष सुरेंद्र गुप्ता के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने कुलपति से मुलाकात कर भर्ती प्रक्रिया पर रोक लगाने और सभी नियमों का पालन करते हुए नए सिरे से विज्ञापन जारी करने की मांग की।

ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि भर्ती प्रक्रिया में छत्तीसगढ़ राज्य के रोस्टर नियमों का पालन नहीं किया गया। साथ ही सूचना के अधिकार के तहत मिली जानकारी के अनुसार धारा 52 लागू रहने के दौरान कार्यपरिषद की अनुमति के बिना भर्ती प्रक्रिया शुरू की गई।

प्रतिनिधिमंडल ने यह भी आरोप लगाया कि जिन पदों पर दावा-आपत्ति मंगाई गई थी, उनके निराकरण के बाद संशोधित सूची का प्रकाशन नहीं किया गया, जिससे अभ्यर्थियों में भ्रम की स्थिति बनी हुई है। इसे सीधे तौर पर पारदर्शिता की कमी और भ्रष्टाचार से जुड़ा मामला बताया गया है।

 उन्होंने कहा कि यदि भर्ती प्रक्रिया पर रोक नहीं लगाई गई तो महामहिम राज्यपाल से निष्पक्ष जांच की मांग की जाएगी तथा आवश्यकता पडऩे पर न्यायालय की शरण ली जाएगी।


अन्य पोस्ट