सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 16 मई। सूरजपुर जिले के जयनगर थाना क्षेत्र में एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि विवाह के कुछ दिनों बाद ही युवती ने मायके में जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया। गंभीर हालत में उसे मेडिकल कॉलेज अस्पताल अंबिकापुर में भर्ती कराया गया था, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
जानकारी के मुताबिक ग्राम अखोराकला लटोरी निवासी युवती का विवाह 5 मई को हिंदू रीति-रिवाज से मंदिर में संपन्न हुआ था। विवाह के बाद युवती अपने ससुराल पहुंची। बताया जा रहा है कि 7 मई की रात उसने अपने पति को बताया कि वह किसी अन्य युवक से प्रेम करती है और उसके साथ वैवाहिक जीवन नहीं बिताना चाहती।
बताया जाता है कि अगले दिन युवती के दो भाई और नानी ससुराल पहुंचे तथा उसे मायके ले गए। वहीं 15 मई को युवती के पिता ने ससुराल पक्ष को सूचना दी कि उसने जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया है। परिजनों द्वारा उसे तत्काल मेडिकल कॉलेज अस्पताल अंबिकापुर में भर्ती कराया गया, जहां देर रात उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
परिजनों के अनुसार युवती ने विवाह से पूर्व भी अपने प्रेम संबंध की जानकारी परिवार को दी थी, बावजूद इसके उसका विवाह करा दिया गया। यह भी बताया जा रहा है कि जहरीला पदार्थ सेवन करने से पहले युवती ने जहर की शीशी की तस्वीर अपने पिता को भेजी थी।पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।


