सरगुजा

महंगाई से आम लोगों का किचन बजट पूरी तरह बिगड़ चुका है-डॉ. प्रेमसाय सिंह
16-May-2026 11:54 PM
महंगाई से आम लोगों का किचन बजट पूरी तरह बिगड़ चुका है-डॉ. प्रेमसाय सिंह

महंगाई और पेट्रोलियम संकट पर कांग्रेस की प्रेसवार्ता

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर, 16 मई। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर पेट्रोलियम पदार्थों की कीमतों और महंगाई के मुद्दे पर अंबिकापुर में जिला स्तरीय पत्रकारवार्ता आयोजित की गई। इस दौरान पूर्व मंत्री डॉ. प्रेमसाय सिंह ने केंद्र सरकार की नीतियों की आलोचना की।

डॉ. प्रेमसाय सिंह ने कहा कि देश के कई हिस्सों में डीजल, पेट्रोल और गैस की कमी की स्थिति बनी हुई है और लोग महंगाई का सामना कर रहे हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की हालिया अपीलों का उल्लेख करते हुए कहा कि ऐसे समय में लोगों को विभिन्न वस्तुओं के सीमित उपयोग की सलाह देना उचित नहीं है।

उन्होंने कहा कि आज देश में महंगाई के कारण आम लोगों का किचन बजट पूरी तरह बिगड़ चुका है। खाद्य तेल और अन्य आवश्यक वस्तुओं के दाम लगातार बढ़ रहे हैं, जिससे आम जनता परेशान है।

उन्होंने कहा कि किसानों को उर्वरक की उपलब्धता में दिक्कतें आ रही हैं। उनके अनुसार छत्तीसगढ़ में लगभग 15 लाख मीट्रिक टन उर्वरक की आवश्यकता है, जबकि अभी तक सीमित मात्रा में ही उर्वरक सोसायटियों तक पहुंचा है।

डॉ. सिंह ने कहा कि महंगाई के कारण आम लोगों के घरेलू खर्च प्रभावित हुए हैं। उन्होंने दावा किया कि पिछले वर्षों में सोना, पेट्रोल, डीजल और अन्य आवश्यक वस्तुओं की कीमतों में वृद्धि हुई है। उन्होंने केंद्र सरकार पर पेट्रोलियम उत्पादों पर अधिक कर वसूलने का आरोप भी लगाया। उन्होंने कहा कि सरगुजा क्षेत्र सहित कई इलाकों में डीजल और पेट्रोल की कमी से लोगों को परेशानी हो रही है। साथ ही कमर्शियल गैस की कमी से कुछ उद्योग प्रभावित होने की बात भी कही।

प्रेसवार्ता में कांग्रेस जिला अध्यक्ष बालकृष्ण पाठक, जेपी श्रीवास्तव, दुतेंद्र मिश्रा, मोहम्मद इस्लाम, हेमंत तिवारी, अनूप मेहता, संजय विश्वकर्मा और सतीश बारी सहित अन्य कांग्रेस पदाधिकारी उपस्थित रहे। कांग्रेस नेताओं ने महंगाई और ईंधन आपूर्ति को लेकर केंद्र सरकार से आवश्यक कदम उठाने की मांग की।


अन्य पोस्ट