सरगुजा

सांप के काटने से 2 मासूमों की मौत
15-May-2026 10:32 PM
सांप के काटने से 2 मासूमों की मौत

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

लखनपुर, 15 मई। थाना क्षेत्र के ग्राम अंधला एवं ग्राम केवरा में सांप के काटने से दो मासूम बच्चों की मौत हो गई। दोनों घटनाएं 14 मई की रात की बताई जा रही हैं। सूचना मिलने पर पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

मिली जानकारी के अनुसार ग्राम अंधला मुड़ापारा निवासी 5 वर्षीय आयुष अनंत पिता जीतन कुमार अनंत अपनी मां के साथ जमीन पर सो रहा था। रात करीब 10 बजे जहरीले सांप ने उसे काट लिया। परिजनों ने तत्काल उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां जांच के बाद चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

वहीं दूसरी घटना ग्राम केवरा कटाईपारा की है। यहां 2 वर्षीय दिव्यांश सिंह पिता बबलू सिंह अपनी मां के साथ जमीन पर सोया हुआ था। इसी दौरान उसे भी सांप ने डस लिया। शुक्रवार तडक़े अचानक तबीयत बिगडऩे पर परिजन उसे लखनपुर अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच उपरांत मृत घोषित कर दिया।

दोनों घटनाओं की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम कराया। इसके पश्चात शव परिजनों को सौंप दिए गए। पुलिस मर्ग कायम कर मामले की जांच में जुटी हुई है।


अन्य पोस्ट