सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 15 मई। अंबिकापुर शहर के व्यस्ततम और संवेदनशील क्षेत्र घड़ी चौक स्थित जिला कांग्रेस कमेटी कार्यालय राजीव भवन में बीती रात अज्ञात चोरों ने चोरी और तोडफ़ोड़ की । पिछले दो वर्षों में यह तीसरी बार है, जब राजीव भवन को चोरों ने निशाना बनाया है। घटना के बाद कांग्रेस नेताओं ने शहर की कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं।
जानकारी के अनुसार अज्ञात चोर देर रात कार्यालय परिसर में घुसे और वहां रखे सामानों की चोरी कर ली। इसके अलावा कार्यालय के कॉमन वॉशरूम में लगे उपकरणों में भी जमकर तोडफ़ोड़ की गई। प्रारंभिक आंकलन के अनुसार इस घटना से करीब एक लाख रुपये की क्षति हुई है।
कांग्रेस पदाधिकारियों का कहना है कि जिस स्थान पर यह घटना हुई, वहां से कुछ ही दूरी पर यातायात पुलिस चौकी, कलेक्टर कार्यालय, पुलिस अधीक्षक कार्यालय तथा जिला न्यायालय स्थित हैं। ऐसे महत्वपूर्ण शासकीय कार्यालयों की मौजूदगी के बावजूद लगातार चोरी की घटनाएं होना सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है।
घटना की जानकारी मिलने के बाद जिला कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। कांग्रेस जिलाध्यक्ष द्वारा कोतवाली थाना अंबिकापुर में लिखित शिकायत दर्ज कराई गई है। पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ अपराध कायम कर जांच शुरू कर दी है।
कांग्रेस नेताओं ने पुलिस प्रशासन से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी तथा राजीव भवन की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।


