सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 14 मई। सरगुजा जिला में पेट्रोल पंप मैनेजर से लूटपाट की घटना में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त दो वाहन भी जब्त किए गए हैं। मामले में तीन आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है, जबकि एक विधि से संघर्षरत बालक को बाल न्यायालय में प्रस्तुत किया गया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार अंबिकापुर गांधीनगर निवासी शिवचंद वर्मा ने थाना दरिमा में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वह 7 मई को कुम्हारता-नचाई स्थित वेदिका पेट्रोल पंप से हिसाब कर 61 हजार 670 रुपये नगद लेकर अंबिकापुर लौट रहा था। इसी दौरान नचाई चौक के पास दो मोटरसाइकिलों पर सवार चार युवकों ने चेहरा ढंककर उसे रोका और गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी देकर नगदी, मोबाइल, हिसाब की डायरी एवं मोटरसाइकिल लूटकर फरार हो गए।
मामले में थाना दरिमा में अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। आरोपियों की तलाश के लिए विशेष पुलिस टीम गठित की गई। पुलिस ने दरिमा से गांधीनगर तक लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले और लोगों से पूछताछ की। जांच के दौरान फुटेज में मिले हुलिये के आधार पर आरोपियों की पहचान दुर्गेश उर्फ यश ईमालिया, आकाश झारिया, निशांत नगेसिया एवं एक अन्य के रूप में हुई।
पुलिस ने दबिश देकर मुख्य आरोपी दुर्गेश उर्फ यश ईमालिया को हिरासत में लेकर पूछताछ की। आरोपी ने बताया कि वह पूर्व में वेदिका पेट्रोल पंप में कार्यरत था और शादी के लिए बिना अनुमति 30 हजार रुपये लेने पर उसे नौकरी से निकाल दिया गया था। इसी रंजिश में उसने साथियों के साथ मिलकर लूट की योजना बनाई।
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर आकाश झारिया एवं निशांत नगेसिया सहित अन्य आरोपी को गिरफ्तार किया। पूछताछ में सभी ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया। आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त पल्सर मोटरसाइकिल क्रमांक सीजी 15 डीएक्स 5401 तथा एक्टिवा स्कूटी क्रमांक सीजी15 ईएच 7025 जब्त की गई।
पुलिस ने तीन आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है, जबकि एक विधि से संघर्षरत बालक को न्यायिक अभिरक्षा में बाल न्यायालय में प्रस्तुत किया गया।


