सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर,14 मई। सद्भावना आदर्श ग्राम तकिया स्थित मजार शरीफ में 20, 21 एवं 22 मई को आयोजित होने वाले 154वें सालाना उर्स को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला पंचायत सभाकक्ष में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक अपर जिला दण्डाधिकारी की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई।
बैठक में अपर कलेक्टर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, एसडीएम अंबिकापुर, जिला साक्षरता मिशन प्राधिकरण के जिला परियोजना अधिकारी, सीएसपीडीसीएल के सहायक यंत्री सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, शांति समिति के सदस्य एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
अपर जिला दण्डाधिकारी ने उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं नागरिकों का स्वागत करते हुए उर्स कार्यक्रम को आपसी भाईचारे और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए सुझाव आमंत्रित किए।
इस दौरान इरफान सिद्दीकी ने बताया कि सद्भावना आदर्श ग्राम तकिया में प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी 154वां उर्स 20 से 22 मई तक आयोजित किया जाएगा। उन्होंने जानकारी दी कि 20 मई को शाम 4 बजे जामा मस्जिद से संदल एवं चादर का जुलूस निकाला जाएगा, जो जयस्तंभ चौक, महामाया चौक, थाना चौक और लरंगसाय चौक होते हुए मजार शरीफ तक पहुंचेगा। इसके बाद चादरपोशी, नमाज-ए-ईशा और उलेमाओं की तकरीर का कार्यक्रम होगा।
उन्होंने कहा कि तकिया गांव हिंदू-मुस्लिम एकता का प्रतीक है और यहां वर्षों से उर्स का आयोजन भाईचारे के साथ होता आ रहा है। इस वर्ष कार्यक्रम को और भव्य रूप से आयोजित किया जाएगा।
कमेटी के परवेज आलम गांधी ने कहा कि उर्स के दौरान 20 मई को ऑल इंडिया मुशायरा एवं कवि सम्मेलन आयोजित होगा, जबकि 21 और 22 मई को कव्वाली मुकाबले का आयोजन किया जाएगा।
कार्यक्रम में राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर के कव्वालों के शामिल होने की संभावना है। आयोजकों के अनुसार कार्यक्रम में सरगुजा संभाग सहित आसपास के जिलों और अन्य राज्यों से लगभग 20 से 25 हजार लोगों के शामिल होने की संभावना है। साथ ही कई विशिष्ट एवं अतिविशिष्ट अतिथियों के भी शामिल होने की उम्मीद जताई गई है।'''''


