सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 12 मई। प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत हितग्राहियों के लंबित भुगतान एवं कथित अनियमितताओं को लेकर युवा कांग्रेस ने नगर निगम आयुक्त को ज्ञापन सौंपकर शीघ्र कार्रवाई की मांग की। ज्ञापन युवा कांग्रेस के अतीफ रज़ा एवं शुभम जायसवाल के नेतृत्व में सौंपा गया।
ज्ञापन में मांग की गई कि प्रधानमंत्री आवास योजना के चयनित हितग्राहियों को लंबित भुगतान जल्द जारी किया जाए। साथ ही सर्वेयरवार हितग्राहियों की सूची सार्वजनिक करने तथा दस्तावेजों की गहन जांच कर अपात्र एवं फर्जी लाभार्थियों के खिलाफ कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग भी उठाई गई।
युवा कांग्रेस नेताओं ने कहा कि भुगतान में लगातार हो रही देरी के कारण गरीब एवं जरूरतमंद परिवारों को आवास निर्माण में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने प्रशासन से योजना में पारदर्शिता एवं निष्पक्षता बनाए रखते हुए वास्तविक हितग्राहियों को समय पर लाभ दिलाने की मांग की।
नगर निगम आयुक्त ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि लंबित भुगतान जल्द जारी किए जाएंगे तथा संबंधित मामलों की जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान युवा कांग्रेस के अतीफ रज़ा ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि शीघ्र भुगतान नहीं किया गया तो युवा कांग्रेस बड़ा आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी।
उन्होंने कहा कि गरीबों के हक की लड़ाई में संगठन पीछे नहीं हटेगा और आवश्यकता पडऩे पर सडक़ से लेकर निगम कार्यालय तक आंदोलन किया जाएगा।
कार्यक्रम में जीशान अली, प्रिंस विश्वकर्मा, अनिकेत सोनी, भानु प्रताप सिंह सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


