सरगुजा

अब स्टूडेंट नहीं, परीक्षा फेल हो रही है- परवेज
12-May-2026 10:03 PM
अब स्टूडेंट नहीं, परीक्षा फेल हो रही है- परवेज

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर, 12 मई। नीट यूजी 2026 परीक्षा रद्द होने के मुद्दे पर कांग्रेस ने केंद्र सरकार और परीक्षा व्यवस्था पर तीखा हमला बोला है। छत्तीसगढ़ कांग्रेस कमेटी अल्पसंख्यक विभाग के प्रदेश महासचिव परवेज़ आलम गांधी ने इसे देश की शिक्षा व्यवस्था की बड़ी विफलता बताते हुए कहा कि अब छात्र नहीं, बल्कि परीक्षाएं फेल हो रही हैं।

जारी प्रेस विज्ञप्ति में उन्होंने कहा कि नीट यूजी 2026 परीक्षा रद्द होने से देशभर के 22.79 लाख विद्यार्थियों की मेहनत, सपनों और भविष्य पर गहरा असर पड़ा है। उन्होंने आरोप लगाया कि पेपर लीक, सरकारी लापरवाही और शिक्षा व्यवस्था में बढ़ते भ्रष्टाचार के कारण विद्यार्थियों का भरोसा लगातार टूट रहा है।

परवेज़ आलम गांधी ने कहा कि किसी पिता ने बच्चों की पढ़ाई के लिए कर्ज लिया, तो किसी मां ने गहने बेचकर तैयारी कराई। लाखों विद्यार्थियों ने रात-रात भर जागकर पढ़ाई की, लेकिन बदले में उन्हें पेपर लीक और अव्यवस्था का सामना करना पड़ा।

उन्होंने कहा कि देशभर के 551 शहरों और करीब 5400 परीक्षा केंद्रों के बावजूद यदि परीक्षा सुरक्षित नहीं रह पाती, तो यह सरकार और व्यवस्था की गंभीर असफलता है। उन्होंने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि एक ओर ‘परीक्षा पर चर्चा’ जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं, वहीं दूसरी ओर विद्यार्थी हर साल पेपर लीक, धांधली और री-एग्जाम की समस्या झेल रहे हैं।कांग्रेस नेता ने कहा कि परीक्षाओं की शुचिता जरूरी है, लेकिन उससे अधिक आवश्यक संस्थागत जवाबदेही है।

यदि हर बार व्यवस्थागत विफलताओं का बोझ विद्यार्थियों पर डाला जाएगा, तो यह अन्याय के साथ संवेदनहीनता भी है। युवाओं को केवल निष्पक्ष परीक्षा ही नहीं, बल्कि उनकी मेहनत और सपनों का सम्मान भी चाहिए।

उन्होंने केंद्र सरकार से पूरे मामले की निष्पक्ष और समयबद्ध जांच कराने तथा दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की, ताकि भविष्य में छात्रों के भविष्य के साथ इस तरह का खिलवाड़ दोबारा न हो।


अन्य पोस्ट