सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 11 मई। सरगुजा जिले के गांधीनगर थाना क्षेत्र में इंस्टाग्राम पर फर्जी आईडी बनाकर युवती की फोटो के साथ अपमानजनक टिप्पणी पोस्ट करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। मामले की जांच में साइबर सेल अंबिकापुर और मेटा कंपनी से प्राप्त तकनीकी जानकारी अहम साबित हुई।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 26 अप्रैल को पीडि़ता ने गांधीनगर थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई थी कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने उसकी फोटो का उपयोग कर इंस्टाग्राम पर फर्जी अकाउंट बनाया है और उस पर अभद्र टिप्पणियों के साथ लगातार पोस्ट वायरल किए जा रहे हैं। इससे उसकी सामाजिक प्रतिष्ठा प्रभावित हो रही थी।
प्रार्थिया की शिकायत पर गांधीनगर थाना में धारा 296 बीएनएस एवं पॉक्सो एक्ट की धारा 12 के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। जांच के दौरान साइबर सेल अंबिकापुर द्वारा इंस्टाग्राम अकाउंट से संबंधित तकनीकी जानकारी जुटाई गई। साथ ही मेटा कंपनी से अकाउंट की विस्तृत डिटेल मंगाई गई।
जांच में सामने आया कि संबंधित इंस्टाग्राम अकाउंट में दर्ज मोबाइल नंबर और ईमेल शिवम सिन्हा कांतिप्रकाशपुर, जिला सरगुजा के नाम पर पंजीकृत है। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जहां उसने अपना अपराध स्वीकार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी के मोबाइल फोन से घटना से जुड़े फोटो, सोशल मीडिया अकाउंट और अन्य डिजिटल साक्ष्य बरामद कर मोबाइल जब्त कर लिया। इसके बाद आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।


