सरगुजा
6 साल पहले लापता युवक-किशोरी होने की आशंका
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 10 मई। सरगुजा जिले के धौरपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत चमारीलुंगरा जंगल में शनिवार को दो नरकंकाल मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। पुलिस को आशंका है कि दोनों नरकंकाल वर्ष 2020 में ग्राम जमोनी से लापता हुए एक किशोरी और युवक के हो सकते हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और कंकालों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार वर्ष 2020 में ग्राम जमोनी निवासी एक किशोरी तथा 19 वर्षीय विनोद कोरवा रहस्यमयी परिस्थितियों में लापता हो गए थे। परिजनों द्वारा लंबे समय तक उनकी तलाश की गई, लेकिन दोनों का कोई पता नहीं चल सका था। शनिवार को जंगल में मिले नरकंकालों के पास से एक फ्रॉक और हाफ पैंट बरामद होने के बाद परिजन और पुलिस दोनों ने आशंका जताई है कि कंकाल उन्हीं दोनों के हो सकते हैं।
बताया जा रहा है कि गांव के कुछ कोरवा ग्रामीण चूहा मारने के लिए चमारीलुंगरा नाले के पास जंगल गए थे। इसी दौरान झाडिय़ों में उन्हें मानव कंकाल दिखाई दिए। यह देखकर ग्रामीण घबरा गए और गांव लौटकर सरपंच को जानकारी दी। बाद में पुलिस को मामले की सूचना दी गई।
सूचना पर धौरपुर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर दोनों नरकंकालों को कब्जे में लिया। पुलिस ने कंकालों को पोस्टमार्टम एवं पहचान संबंधी प्रक्रिया के लिए मरच्युरी भेज दिया है।
अधिकारियों का कहना है कि शिनाख्त के लिए वैज्ञानिक जांच और अन्य आवश्यक प्रक्रियाएं कराई जाएंगी। मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है।


