सरगुजा

आंधी-तूफान: पेड़ गिरे, मकानों को पहुंचाया नुकसान
09-May-2026 10:21 PM
आंधी-तूफान: पेड़ गिरे, मकानों को पहुंचाया नुकसान

सरगवां में गैस सिलेंडर फटने से लगी आग

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर, 9 मई। शनिवार की शाम आए तेज आंधी-तूफान ने अंबिकापुर शहर और आसपास के क्षेत्रों में भारी तबाही मचाई। अचानक बदले मौसम के कारण जहां कई इलाकों में पेड़ गिरने और मकानों को नुकसान पहुंचने की घटनाएं सामने आईं, वहीं सरगवां क्षेत्र में गैस सिलेंडर फटने से भीषण आग लग गई। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

जानकारी के अनुसार शाम के समय तेज हवा, धूलभरी आंधी और बारिश के साथ मौसम अचानक बिगड़ गया। तेज तूफान के कारण शहर के कई हिस्सों में बड़े पेड़ सडक़ और बिजली लाइनों पर गिर गए, जिससे कुछ समय के लिए यातायात और विद्युत व्यवस्था भी प्रभावित हुई। पीजी कॉलेज अंबिकापुर के सामने सडक़ किनारे खड़े छात्रों के वाहनों पर एक विशाल पेड़ गिर पड़ा। इस घटना में कई दोपहिया वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। हालांकि राहत की बात यह रही कि घटना के समय वहां कोई छात्र मौजूद नहीं था, जिससे बड़ा हादसा टल गया।

आंधी-तूफान के कारण शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में कई मकानों की छतें उडऩे तथा टीन-शेड टूटने की भी खबरें मिली हैं। कई जगहों पर बिजली के खंभे और पेड़ गिरने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। प्रशासन द्वारा प्रभावित क्षेत्रों का जायजा लिया जा रहा है।

इसी बीच सरगवां क्षेत्र से आगजनी की बड़ी घटना सामने आई। स्थानीय लोगों के अनुसार एक घर में रखे गैस सिलेंडर में अचानक आग लग गई, जिसके बाद तेज धमाके के साथ सिलेंडर फट गया। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और आसपास के क्षेत्र में दहशत फैल गई। आग की ऊंची लपटें दूर से दिखाई देने लगीं।

घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग को अलर्ट किया गया। वाटर पार्क की ओर से दो दमकल वाहन तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना किए गए। दमकल कर्मियों और स्थानीय प्रशासन की टीम ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद आग को नियंत्रित किया जा सका।

फिलहाल, घटना में किसी जनहानि की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन आगजनी से भारी संपत्ति नुकसान की आशंका जताई जा रही है। प्रशासन द्वारा नुकसान का आंकलन किया जा रहा है। वहीं मौसम विभाग ने अगले कुछ घंटों तक तेज हवा और खराब मौसम की संभावना जताते हुए लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।


अन्य पोस्ट