सरगुजा

कमोदा विहार रिसॉर्ट पर अतिक्रमण हटाने पहुंची टीम को विरोध के चलते लौटना पड़ा, 2 दिन बाद होगी कार्रवाई
09-May-2026 10:21 PM
कमोदा विहार रिसॉर्ट पर अतिक्रमण हटाने पहुंची टीम को विरोध के चलते लौटना पड़ा, 2 दिन बाद होगी कार्रवाई

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर, 9 मई। शहर के फुंदुरडिहारी स्थित कमोदा विहार रिसॉर्ट में कथित शासकीय भूमि अतिक्रमण हटाने पहुंची प्रशासनिक टीम को शनिवार को भारी विरोध और हंगामे का सामना करना पड़ा। करीब 45 डिसमिल सरकारी जमीन पर कब्जे के आरोप में राजस्व एवं नगर निगम की संयुक्त टीम बुलडोजर लेकर मौके पर पहुंची थी, लेकिन रिसॉर्ट संचालकों और समर्थकों के विरोध के कारण कार्रवाई शुरू नहीं हो सकी। प्रशासन ने फिलहाल संचालकों को दो दिनों की मोहलत देते हुए कार्रवाई स्थगित कर दी है।

जानकारी के अनुसार कमोदा विहार रिसॉर्ट में सरकारी जमीन पर कब्जे की शिकायत मिलने के बाद राजस्व विभाग द्वारा मामले की जांच की गई थी। जांच में प्रथम दृष्टया अतिक्रमण पाए जाने पर तहसीलदार न्यायालय में प्रकरण दर्ज हुआ। इसके बाद राजस्व पुस्तक परिपत्र एवं भू-राजस्व संहिता की धारा 248 के तहत रिसॉर्ट संचालकों को बेदखली नोटिस जारी किया गया था। प्रशासन का दावा है कि दो दिन पहले ही अतिक्रमण हटाने के लिए अंतिम नोटिस भी दिया गया था।

शनिवार को एसडीएम वन सिंह नेताम के नेतृत्व में राजस्व विभाग और नगर निगम की टीम कार्रवाई के लिए बुलडोजर के साथ मौके पर पहुंची। टीम के पहुंचते ही रिसॉर्ट संचालकों और कर्मचारियों ने कार्रवाई का विरोध शुरू कर दिया। संचालकों का कहना था कि उन्हें अतिक्रमण हटाने के संबंध में कोई वैधानिक नोटिस प्राप्त नहीं हुआ है, इसलिए बिना सूचना कार्रवाई करना गलत है। इस दौरान मौके पर काफी देर तक बहस और हंगामे की स्थिति बनी रही।

रिसॉर्ट संचालकों के समर्थन में पूर्व मंत्री एवं कांग्रेस नेता अमरजीत भगत भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने प्रशासन से नियमानुसार कार्रवाई करने की बात कहते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की कार्रवाई से पहले संबंधित पक्ष को पूरा अवसर दिया जाना चाहिए। पूर्व मंत्री ने प्रशासन से नोटिस और अन्य प्रक्रियाओं की जानकारी सार्वजनिक करने की मांग भी की।

हंगामे के बीच एसडीएम वन सिंह नेताम ने रिसॉर्ट संचालकों से लिखित आवेदन लिया। संचालकों ने अतिक्रमण हटाने के लिए दो दिनों का समय मांगा, जिसे प्रशासन ने स्वीकार कर लिया। एसडीएम ने स्पष्ट किया कि तहसील न्यायालय द्वारा पारित आदेश के खिलाफ कहीं से कोई स्थगन आदेश प्राप्त नहीं हुआ है और सरकारी भूमि पर अतिक्रमण पाए जाने के कारण कार्रवाई हर हाल में की जाएगी।

उन्होंने कहा कि दो दिन बाद प्रशासन दोबारा कार्रवाई करेगा।

इधर, कमोदा विहार रिसॉर्ट को लेकर एक और विवाद सामने आया है। बताया जा रहा है कि रिसॉर्ट पुनर्वास के लिए आवंटित जमीन पर बनाया गया है। जमीन के मूल स्वामी दीपक राय ने कलेक्टर सरगुजा से शिकायत करते हुए आरोप लगाया है कि उनके परिवार की जमीन की गलत तरीके से रजिस्ट्री कर दी गई। उन्होंने कहा कि उनके पिता को करीब सात एकड़ जमीन मिली थी, जिसमें दो भाइयों का हिस्सा था, लेकिन एक रिश्तेदार ने कथित रूप से फर्जी तरीके से जमीन का हस्तांतरण करा दिया। इस मामले की भी प्रशासनिक स्तर पर जांच की जा रही है।

कार्रवाई के दौरान एक समय स्थिति तनावपूर्ण हो गई, जब रिसॉर्ट की संचालिका मीडिया कर्मियों से उलझ गईं। आरोप है कि उन्होंने कवरेज कर रहे पत्रकारों के साथ बदसलूकी करते हुए कैमरा तोडऩे और अन्य धमकियां दीं। घटना के बाद मौके पर कुछ देर के लिए तनाव का माहौल बन गया, हालांकि प्रशासनिक अधिकारियों और पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित कर लिया।


अन्य पोस्ट