सरगुजा

पैसों के लालच में बैंक खाते दिए, 10 गिरफ्तार
09-May-2026 10:20 PM
पैसों के लालच में बैंक खाते दिए, 10 गिरफ्तार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर, 9 मई। साइबर अपराध के खिलाफ कार्रवाई करते हुए सरगुजा पुलिस ने बैंक खातों और सिम कार्ड का दुरुपयोग कर ऑनलाइन ठगी से जुड़े मामले में 10 युवकों को गिरफ्तार किया है। आरोपी कुछ पैसों के लालच में अपने बैंक खातों को साइबर अपराधियों के लिए ‘म्यूल अकाउंट’ के रूप में इस्तेमाल करने देते थे। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 10 मोबाइल फोन जब्त कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

मामले में प्रार्थी सुजीत मंडल, निवासी सकालो चाना गांधीनगर की रिपोर्ट पर थाना गांधीनगर में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। विवेचना के दौरान पूर्व में आरोपी अनीश गिरी, सद्दाम आलम और वर्षा सिंह पोर्ते को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका था।

पुलिस जांच के दौरान विधि से संघर्षरत एक बालक से पूछताछ में खुलासा हुआ कि अंबिकापुर के कुछ युवक गेमिंग और ऑनलाइन फ्रॉड से जुड़े पैसों को अपने व अन्य लोगों के खातों में मंगवाकर एटीएम से निकालते थे और बाद में सीडीएम मशीन के माध्यम से अन्य खातों में जमा करते थे। इसके एवज में उन्हें कमीशन मिलता था। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने 10 युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जहां सभी ने अपराध स्वीकार कर लिया। बैंक खातों की जांच में यह भी सामने आया कि इनके खातों के खिलाफ अन्य राज्यों में भी शिकायतें दर्ज हैं।

सरगुजा पुलिस की अपील

सरगुजा पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे अपने मोबाइल फोन, सिम कार्ड या बैंक खाते किसी अन्य व्यक्ति को उपयोग के लिए न दें और न ही बेचें। पुलिस ने चेतावनी दी है कि थोड़े से लालच में आकर किया गया ऐसा कार्य गंभीर कानूनी कार्रवाई का कारण बन सकता है।

पुलिस ने लोगों से ‘घर बैठे कमाई’, ‘कम समय में अधिक मुनाफा’ और फर्जी ऑनलाइन ऑफरों से सतर्क रहने, साथ ही ओटीपी, एटीएम पिन, यूपीआई पिन और पासवर्ड जैसी गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा नहीं करने की सलाह दी है।

 


अन्य पोस्ट