सरगुजा

आदिवासी महासम्मेलन आज, सीजीएवीपी वेबसाइट का शुभारंभ भी
09-May-2026 10:19 PM
आदिवासी महासम्मेलन आज, सीजीएवीपी वेबसाइट का शुभारंभ भी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर,9 मई। छत्तीसगढ़ आदिवासी विकास परिषद द्वारा आदिवासी समाज की एकजुटता और सामाजिक विकास को लेकर 10 मई को राजमोहिनी देवी सभागार में ‘आदिवासी महासम्मेलन, सीजीएवीपी वेबसाइट शुभारंभ एवं सम्मान समारोह’ का आयोजन किया जाएगा। संभाग स्तरीय इस कार्यक्रम में बस्तर, रायपुर, दुर्ग, बिलासपुर सहित प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से बुद्धिजीवी, साहित्यकार, समाजसेवी और आदिवासी समाज के प्रतिनिधि शामिल होंगे।

कार्यक्रम के पूर्व विश्राम भवन में आयोजित प्रेस वार्ता में शनिवार को परिषद के प्रदेश सचिव रमेश ठाकुर ने बताया कि महासम्मेलन का मुख्य उद्देश्य आदिवासी समाज को संगठित कर उसके अधिकारों, संस्कृति और परंपराओं की रक्षा के लिए मजबूत मंच तैयार करना है। उन्होंने कहा कि जब तक समाज एकजुट नहीं होगा, तब तक उसकी पहचान और अधिकार सुरक्षित नहीं रह पाएंगे।

उन्होंने बताया कि सम्मेलन के दौरान आदिवासी समुदाय के प्रतिभावान विद्यार्थियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले लोगों का सम्मान किया जाएगा। परिषद का मानना है कि ऐसे आयोजनों से युवाओं और समाज की प्रतिभाओं को आगे बढऩे की प्रेरणा मिलेगी।

महासम्मेलन में छत्तीसगढ़ आदिवासी विकास परिषद की आधिकारिक वेबसाइट ‘सीजीएवीपी’ का भी शुभारंभ किया जाएगा। इस संबंध में यूथ आइकॉन आदित्य भगत ने बताया कि वेबसाइट आदिवासी समुदाय के लोगों के लिए संवाद और सहयोग का महत्वपूर्ण मंच बनेगी। इसके माध्यम से समाज के लोग अपनी समस्याएं और सुझाव सीधे परिषद तक पहुंचा सकेंगे।

उन्होंने कहा कि परिषद के वालंटियर वेबसाइट के जरिए लोगों की समस्याओं को सुनकर उनके समाधान के लिए कार्य करेंगे। साथ ही परिषद द्वारा विभिन्न क्षेत्रों के प्रोफेशनल लोगों को ‘जनमित्र’ के रूप में जोड़ा जाएगा, जो समाज के लोगों को मार्गदर्शन देने और समस्याओं के समाधान में सहयोग करेंगे।

प्रेस वार्ता के दौरान छत्रपाल मरावी, संतोष पावले, समीर सिंह, कमल बिहारी सिंह टेकाम, नानकेश्वर सहित परिषद के कई पदाधिकारी मौजूद रहे। आयोजकों ने कहा कि महासम्मेलन के माध्यम से आदिवासी समाज को संगठित कर सामाजिक विकास की नई दिशा तय करने का प्रयास किया।


अन्य पोस्ट