सरगुजा
अंबिकापुर, 8 मई। मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत शुक्रवार को राजमोहनी भवन में भव्य सामूहिक विवाह समारोह आयोजित किया गया, जिसमें 43 जोड़े वैवाहिक बंधन में बंधे। समारोह में पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए और नवविवाहित जोड़ों को सुखद दांपत्य जीवन की शुभकामनाएं दीं।
पारंपरिक रीति-रिवाजों और वैदिक मंत्रोच्चार के बीच फेरे, सिंदूरदान और वरमाला की रस्में संपन्न हुईं। शहनाइयों, बैंड-बाजों और पुष्पवर्षा के बीच पूरा परिसर उत्सवमय माहौल में डूबा रहा। समारोह में बड़ी संख्या में परिजन, जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी और नागरिक मौजूद रहे।
मंत्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना बेटियों के सम्मान, सामाजिक सुरक्षा और महिला सशक्तिकरण की दिशा में सरकार की महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश सरकार समाज के कमजोर और जरूरतमंद वर्गों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उनका कहना था कि आर्थिक अभाव किसी भी परिवार की खुशियों में बाधा नहीं बनना चाहिए।
उन्होंने कहा कि सामूहिक विवाह जैसी योजनाएं सामाजिक कुरीतियों को खत्म करने, अनावश्यक खर्च कम करने और सामाजिक समरसता को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। मंत्री ने नवदम्पत्तियों से आपसी विश्वास, प्रेम और सम्मान के साथ वैवाहिक जीवन बिताने का आह्वान किया।
योजना के तहत प्रत्येक नवविवाहित जोड़े को 35 हजार रुपये की आर्थिक सहायता और आवश्यक घरेलू सामग्री प्रदान की जाती है। राज्य स्तर पर 8 मई को आयोजित कार्यक्रमों में कुल 2188 जोड़े विवाह बंधन में बंधे। समारोह के अंत में मंत्री ने सभी नवदम्पत्तियों को शुभाशीष देकर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना किए।


