सरगुजा
जनआस्था से जुड़े स्थलों के विकास के लिए सरकार प्रतिबद्ध-मंत्री राजेश अग्रवाल
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 8 मई। पर्यटन, संस्कृति, धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व मंत्री राजेश अग्रवाल ने गुरुवार को नगर निगम क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 12 स्थित शनि मंदिर तालाब के सौंदर्यीकरण एवं छठ घाट निर्माण कार्य का भूमिपूजन किया। लगभग 34 लाख रुपये की लागत से होने वाले इस कार्य के तहत तालाब का सौंदर्यीकरण, परिसर का विकास तथा श्रद्धालुओं के लिए सुविधायुक्त छठ घाट का निर्माण कराया जाएगा।
भूमिपूजन कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री श्री अग्रवाल ने कहा कि यह कार्य क्षेत्र की धार्मिक आस्था, सांस्कृतिक विरासत और जनसुविधाओं को नई दिशा देगा। उन्होंने कहा कि छठ पर्व सहित अन्य धार्मिक आयोजनों के दौरान श्रद्धालुओं को बेहतर और सुरक्षित सुविधाएं उपलब्ध होंगी। साथ ही क्षेत्र की स्वच्छता, सौंदर्य और सामाजिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।
मंत्री श्री अग्रवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश सरकार जनआस्था से जुड़े स्थलों के संरक्षण और विकास के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि अंबिकापुर विधानसभा क्षेत्र में सडक़, पेयजल, शिक्षा, स्वास्थ्य और धार्मिक-सांस्कृतिक अधोसंरचना के विकास के लिए योजनाबद्ध तरीके से कार्य किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि धार्मिक स्थल केवल पूजा-अर्चना के केंद्र नहीं होते, बल्कि समाज को जोडऩे और सांस्कृतिक परंपराओं को जीवित रखने का माध्यम भी हैं। शनि मंदिर तालाब और छठ घाट के विकसित होने से नागरिकों, विशेषकर छठ पर्व मनाने वाले श्रद्धालुओं को सुव्यवस्थित वातावरण मिलेगा।
मंत्री श्री अग्रवाल ने क्षेत्रवासियों से विकास कार्यों में सहभागिता निभाने तथा सार्वजनिक संपत्तियों के संरक्षण में सहयोग करने की अपील भी की।
कार्यक्रम में महापौर मंजूषा भगत, सभापति हरविंदर सिंह टिन्नी, पार्षद मनोज गुप्ता, पार्षद आलोक दुबे सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी, स्थानीय नागरिक एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। क्षेत्रवासियों ने इस विकास कार्य के लिए राज्य सरकार और मंत्री राजेश अग्रवाल के प्रति आभार जताया।