सरगुजा

पूर्व उपमुख्यमंत्री सिंहदेव ने एफएसी से मांगी वन स्वीकृति निरस्त करने की मांग, रामगढ़ संरक्षण का मुद्दा उठाया
08-May-2026 8:13 PM
पूर्व उपमुख्यमंत्री सिंहदेव ने एफएसी से मांगी वन स्वीकृति निरस्त करने की मांग, रामगढ़ संरक्षण का मुद्दा उठाया

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर, 8 मई। हसदेव अरण्य क्षेत्र में प्रस्तावित केते एक्सटेंशन कोल ब्लॉक को लेकर विरोध लगातार तेज होता जा रहा है। केंद्रीय वन, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय की वन सलाहकार समिति (एफएसी) की 8 मई को नई दिल्ली में आयोजित बैठक में राजस्थान राज्य विद्युत उत्पादन निगम लिमिटेड को आवंटित एवं अदाणी समूह के एमडीओ वाले केते एक्सटेंशन कोल ब्लॉक की वन स्वीकृति पर विचार किया जाना है। इससे पहले पूर्व उपमुख्यमंत्री टी एस सिंह देव ने समिति के सदस्यों से फोन पर चर्चा कर ईमेल और वाट्सएप के माध्यम से दस्तावेज भेजते हुए परियोजना को वन स्वीकृति नहीं देने की मांग की है।

उन्होंने कहा कि प्रस्तावित खनन परियोजना के तहत 1742.155 हेक्टेयर वन भूमि का उपयोग किया जाएगा, जिससे लगभग सात लाख पेड़ों की कटाई होगी। उनके अनुसार यह क्षेत्र समृद्ध वन, जैव विविधता, हसदेव नदी और बांगो जलाशय के लिए बेहद महत्वपूर्ण है तथा खनन से पर्यावरणीय संतुलन पर गंभीर असर पड़ेगा।

टीएस सिंहदेव ने समिति का ध्यान ऐतिहासिक रामगढ़ पहाडिय़ों की ओर भी आकृष्ट कराया। उन्होंने कहा कि खनन गतिविधियों के कारण रामगढ़ क्षेत्र में दरारें उत्पन्न हुई हैं। यह क्षेत्र भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण के संरक्षित स्मारकों में शामिल है।

उन्होंने आरोप लगाया कि परियोजना रिपोर्ट में रामगढ़ पहाडिय़ों की दूरी गलत तरीके से 10 किलोमीटर से अधिक दर्शाई गई है, जबकि वास्तविक दूरी लगभग 8 किलोमीटर है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि पहाडिय़ों को नुकसान पहुंचता है तो रामगढ़ की प्राचीन गुफाएं और मंदिर भी प्रभावित हो सकते हैं।

पूर्व उपमुख्यमंत्री ने भारतीय वन्यजीव संस्थान, देहरादून की 2021 की रिपोर्ट का हवाला देते हुए कहा कि रिपोर्ट में पीईकेबी-। को छोडक़र अन्य नई खदानों, विशेषकर केते एक्सटेंशन को ‘नो-गो एरिया’ घोषित करने की सिफारिश की गई थी। वहीं आईसीएफआरई की रिपोर्ट में भी ‘चोरनाई वाटरशेड’ क्षेत्र में खनन गतिविधियों पर रोक लगाने की अनुशंसा की गई है। उन्होंने कहा कि केते एक्सटेंशन कोल ब्लॉक का लगभग 90 प्रतिशत हिस्सा इसी महत्वपूर्ण जलग्रहण क्षेत्र में आता है।

टीएस सिंहदेव ने कहा कि यह क्षेत्र हाथियों के लिए महत्वपूर्ण आवास क्षेत्र है और लेमरू हाथी अभ्यारण्य के बफर जोन में शामिल है। वर्ष 2014 के बाद से क्षेत्र में मानव-हाथी संघर्ष की घटनाओं में वृद्धि हुई है।

उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि 26 जुलाई 2022 को छत्तीसगढ़ विधानसभा ने हसदेव अरण्य क्षेत्र में नई कोयला खदानों का विरोध करते हुए सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित किया था। साथ ही सुप्रीम कोर्ट में वन विभाग द्वारा दायर हलफनामे का हवाला देते हुए कहा गया कि वर्तमान पीईकेबी खदान में उपलब्ध कोयला भंडार अगले लगभग 20 वर्षों तक बिजली संयंत्रों की जरूरत पूरी करने के लिए पर्याप्त है, इसलिए नए खनन क्षेत्र की आवश्यकता नहीं है।

पूर्व उपमुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री कार्यालय को भी संबंधित दस्तावेजों की प्रतियां भेजते हुए रामगढ़ के ऐतिहासिक और सांस्कृतिक महत्व को देखते हुए उसके संरक्षण की मांग की है। उन्होंने उम्मीद जताई कि वन सलाहकार समिति सभी बिंदुओं पर गंभीरता से विचार कर उचित निर्णय लेगी।


अन्य पोस्ट