सरगुजा

केते एक्सटेंशन कोल ब्लॉक पर फिर उठा विरोध
08-May-2026 8:11 PM
केते एक्सटेंशन कोल ब्लॉक पर फिर उठा विरोध

भानुप्रताप सिंह ने एफएसी और राज्यपाल को भेजा पत्र, आदिवासी अधिकारों का मुद्दा उठाया

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर, 8 मई। हसदेव अरण्य क्षेत्र में प्रस्तावित केते एक्सटेंशन कोल ब्लॉक को लेकर विरोध एक बार फिर तेज हो गया है। पूर्व विधायक एवं छत्तीसगढ़ राज्य अनुसूचित जनजाति आयोग के पूर्व अध्यक्ष भानुप्रताप सिंह ने केंद्रीय वन, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय की वन सलाहकार समिति (एफएसी) और राज्यपाल को पत्र भेजकर परियोजना के लिए प्रस्तावित प्रतिपूर्ति वनीकरण भूमि पर आपत्ति जताई है।

स्थानीय विश्राम भवन में शुक्रवार को आयोजित प्रेसवार्ता में हसदेव बचाओ संघर्ष समिति के पदाधिकारियों के साथ उन्होंने कहा कि राजस्थान राज्य विद्युत उत्पादन निगम लिमिटेड को आवंटित केंते एक्सटेंशन कोल ब्लॉक की 1742.60 हेक्टेयर वन भूमि के डायवर्सन प्रस्ताव पर 8 मई को केंद्रीय वन सलाहकार समिति की बैठक में चर्चा होनी है।

भानुप्रताप सिंह ने बताया कि परियोजना के प्रतिपूर्ति वनीकरण के लिए बलरामपुर, सरगुजा और मनेंद्रगढ़ जिलों की 3363.946 हेक्टेयर वन भूमि चिन्हित की गई है। उनका आरोप है कि यह भूमि स्थानीय आदिवासियों के निस्तार, लघु वनोपज संग्रहण और कृषि कार्य का प्रमुख आधार है।

उन्होंने कहा कि वन अधिकार मान्यता अधिनियम 2006 के तहत क्षेत्र के निवासियों के व्यक्तिगत एवं सामुदायिक वन अधिकारों के दावे अभी लंबित हैं। इसके बावजूद वन भूमि को प्रतिपूर्ति वनीकरण के लिए चिन्हित किया जाना आदिवासी हितों के खिलाफ है।

उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि इससे पहले पीईकेबी और परसा कोल ब्लॉक परियोजनाओं के लिए भी इन्हीं जिलों की वन भूमि प्रतिपूर्ति वनीकरण हेतु आवंटित की जा चुकी है। साथ ही पिछले कुछ महीनों से वन विभाग द्वारा परंपरागत वन निवासियों को बेदखली नोटिस जारी किए जा रहे हैं।

प्रेसवार्ता में भानुप्रताप सिंह ने कहा कि एक ओर खनन परियोजनाओं के लिए बड़े पैमाने पर पेड़ों की कटाई कर आदिवासियों को विस्थापित किया जा रहा है, वहीं दूसरी ओर प्रतिपूर्ति वनीकरण के नाम पर भी उनकी जमीन छीनी जा रही है।

उन्होंने केंद्रीय वन सलाहकार समिति से प्रतिपूर्ति वनीकरण के लिए चिन्हित वन भूमि को निरस्त करने तथा केंते एक्सटेंशन परियोजना को वन स्वीकृति नहीं देने की मांग की है।

इस दौरान हसदेव बचाओ संघर्ष समिति के त्रिभुवन सिंह, बिलासयुस तिग्गा, सुरेश बुनकर, सुजान बिन्द, प्रशांत सिंह (चीकू) सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।


अन्य पोस्ट