सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 6 मई। सरगुजा जिले के प्रभारी मंत्री के अनुमोदन के बाद जिले के तीन महाविद्यालयों में जनभागीदारी समिति के अध्यक्षों की नियुक्ति कर दी गई है। कलेक्टर सरगुजा अजीत वसंत द्वारा जारी आदेश के अनुसार ये नियुक्तियां तत्काल प्रभाव से लागू होंगी।
जारी आदेश के मुताबिक, संभाग के सबसे बड़े शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय अंबिकापुर में पार्षद मनोज गुप्ता (माता राजमोहनी देवी वार्ड) को जनभागीदारी समिति का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। इसके साथ ही शासकीय कन्या महाविद्यालय अंबिकापुर तथा स्वामी आत्मानंद विज्ञान महाविद्यालय अंबिकापुर में भी अध्यक्षों की नियुक्ति की गई है।
नवनियुक्त अध्यक्ष मनोज गुप्ता ने अपनी नियुक्ति पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि वे शिक्षा के समग्र विकास, पारदर्शिता और छात्र हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देंगे। उन्होंने महाविद्यालय की अधोसंरचना को मजबूत बनाने और शैक्षणिक वातावरण को बेहतर करने के लिए निरंतर प्रयास करने की बात कही।
उन्होंने बताया कि जनभागीदारी समिति के माध्यम से प्राप्त होने वाली राशि का उपयोग पूरी पारदर्शिता के साथ किया जाएगा, जिससे विद्यार्थियों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।
मनोज गुप्ता ने कहा कि वे महाविद्यालय के प्राचार्य, शिक्षकगण एवं अभिभावकों के साथ समन्वय स्थापित कर छात्रों के शैक्षणिक और बौद्धिक विकास के लिए योजनाबद्ध तरीके से कार्य करेंगे।


