सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
उदयपुर, 6 मई। सुशासन तिहार के अंतर्गत सरगुजा जिला के उदयपुर विकासखंड अंतर्गत लक्ष्मणगढ़ में एक दिवसीय शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें क्षेत्र की 23 ग्राम पंचायतों से बड़ी संख्या में ग्रामीण पहुंचे।
सुबह 10 से दोपहर 3 बजे तक चले इस शिविर में विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने उपस्थित रहकर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और उनका निराकरण किया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए राजेश अग्रवाल ने हितग्राहियों को राशन कार्ड एवं आयुष्मान कार्ड वितरित किए। इसके साथ ही पात्र परिवारों को प्रधानमंत्री आवास की चाबी सौंपी गई तथा पेंशन हितग्राहियों को स्वीकृति आदेश प्रदान किए गए।
शिविर के दौरान ग्रामीणों ने 300 से अधिक मांग एवं शिकायत से संबंधित आवेदन प्रशासन को सौंपे। मुख्य अतिथि ने आश्वस्त किया कि सभी समस्याओं का शीघ्र समाधान किया जाएगा और कार्य में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इस अवसर पर अपर कलेक्टर सुनील नायक, एसडीएम उदयपुर रामराज सिंह, तहसीलदार, मुख्य कार्यपालन अधिकारी वेद प्रकाश गुप्ता, जनपद अध्यक्ष ओम प्रकाश सिंह, सरपंच संघ अध्यक्ष प्रदीप मरकाम, जिला पंचायत सदस्य रमुनिया करियाम सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।


