सरगुजा
अंबिकापुर, 6 मई। सरगुजा जिले के अंबिकापुर में शादी का झांसा देकर युवती के साथ लंबे समय तक दैहिक शोषण करने का मामला सामने आया है। कोतवाली पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार, पीडि़ता ने थाना कोतवाली अंबिकापुर में रिपोर्ट दर्ज कराई कि वर्ष 2022-23 में एलएलबी की पढ़ाई के दौरान उसकी मुलाकात सहपाठी संदीप एक्का से हुई थी। दोनों के बीच प्रेम संबंध स्थापित हो गया। इस दौरान आरोपी ने शादी का वादा कर पीडि़ता के साथ कई बार शारीरिक संबंध बनाए।
पीडि़ता का आरोप है कि करीब चार वर्षों तक संबंध बनाए रखने के बाद अब आरोपी ने शादी करने से साफ इनकार कर दिया। इससे आहत होकर पीडि़ता ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। मामले में पुलिस ने अपराध क्रमांक 282/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 69 के अंतर्गत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। विवेचना के दौरान पुलिस ने आरोपी संदीप एक्का अंबिकापुर को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जहां उसने अपना अपराध स्वीकार कर लिया।
इसके बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर चिकित्सीय परीक्षण उपरांत न्यायिक रिमांड पर भेज दिया। कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक शशिकांत सिन्हा सहित पुलिस टीम की अहम भूमिका रही।


