सरगुजा

मुख्यमंत्री स्कूल जतन योजना में गड़बड़ी के आरोप, लुण्ड्रा ब्लॉक में लाखों के काम कागजों तक सीमित
05-May-2026 9:31 PM
मुख्यमंत्री स्कूल जतन योजना में गड़बड़ी के आरोप, लुण्ड्रा ब्लॉक में लाखों के काम कागजों तक सीमित

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर/लुण्ड्रा, 5 मई। सामाजिक कार्यकर्ता व अधिवक्ता डी के सोनी ने मुख्यमंत्री स्कूल जतन योजना के तहत लुण्ड्रा विकासखंड में स्कूलों के मरम्मत कार्यों में भारी अनियमितता के आरोप लगाए हैं। ग्रामीण यांत्रिकी सेवा संभाग अंबिकापुर से जुड़े इस मामले में कई स्कूलों में कागजों में बड़े खर्च दर्शाकर जमीनी स्तर पर बेहद कम कार्य किए जाने की शिकायतें मिल रही हैं।

श्री सोनी ने जारी प्रेस विज्ञप्ति में आरोप लगाते हुए कहा कि सबसे चर्चित मामला शासकीय प्राथमिक शाला कटाईपारा (ग्राम पंचायत जरहाडीह) का है, जहां मरम्मत कार्य के नाम पर 2 लाख 39 हजार रुपये खर्च दर्शाए गए हैं, जबकि स्थानीय लोगों का दावा है कि मौके पर 30 हजार रुपये से भी कम का कार्य हुआ है। आरोप है कि दस्तावेजों में भी हेरफेर करते हुए स्कूल का स्थान जरहाडीह की जगह ग्राम पंचायत लमगांव दर्शाया गया है।

ग्रामीणों का कहना है कि कई जगहों पर नाममात्र का काम कर भारी भुगतान दिखाकर सरकारी राशि का दुरुपयोग किया गया है। इस पूरे प्रकरण में संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों की मिलीभगत होने की आशंका जताई जा रही है।

मामले को उजागर करने वाले आरटीआई कार्यकर्ता डी.के. सोनी ने इसे गंभीर भ्रष्टाचार बताते हुए दोषियों के खिलाफ आपराधिक प्रकरण दर्ज करने की मांग की है।

अन्य स्कूलों में भी अनियमितता के आरोप

लुण्ड्रा ब्लॉक के कई अन्य स्कूलों में भी इसी तरह की गड़बडिय़ों की शिकायत सामने आई है। इनमें प्राथमिक शाला डडहोली पारा, डडहोली पारा (भेडिय़ा), असकला, भेड़ीदाढ़ असकला, माध्यमिक शाला डडहोली पारा, प्राथमिक शाला सायर रई, केजीबीवी लुण्ड्रा, माध्यमिक शाला चिरंगा और प्राथमिक शाला चिरंगा शामिल हैं, जहां लाखों रुपये के कार्य दर्शाए गए हैं।

ग्रामीणों का आरोप है कि अधिकांश कार्यों में लागत और वास्तविक काम के बीच बड़ा अंतर है, जिससे पूरे ब्लॉक में योजना के क्रियान्वयन पर सवाल खड़े हो गए हैं।

जांच की मांग तेज

मामले के सामने आने के बाद क्षेत्र में आक्रोश व्याप्त है। ग्रामीणों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने प्रशासन से निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।


अन्य पोस्ट