सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
सीतापुर, 5 मई। विकासखंड सीतापुर (जिला सरगुजा) में बाल विवाह रोकथाम एवं बालिका शिक्षा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से जनजागरूकता अभियान की शुरुआत की गई। सेंटर फॉर कैटलाइजिंग चेंज (सी-3) संस्था द्वारा मंगलवार को ग्राम पंचायत हरदीसांड में नुक्कड़ नाटक का आयोजन कर अभियान का शुभारंभ किया गया।
कार्यक्रम में पंचायत के लगभग 100 ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। नुक्कड़ नाटक के माध्यम से बाल विवाह के दुष्परिणाम, उससे जुड़ी कानूनी कार्रवाई तथा बालिका शिक्षा के महत्व को सरल तरीके से प्रस्तुत किया गया। टीकाराम साहू एवं उनकी टीम ने प्रभावी प्रस्तुति देकर लोगों को जागरूक किया।
कार्यक्रम के दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों से फीडबैक भी लिया गया। ग्राम पंचायत हरदीसांड की सरपंच सुषमा मिंज ने संस्था के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के कार्यक्रमों से निश्चित रूप से समाज में जागरूकता बढ़ेगी। उन्होंने ग्रामीणों से बाल विवाह न करने एवं बालिकाओं की शिक्षा पर विशेष ध्यान देने की अपील की।
संस्था द्वारा आगे भी विभिन्न गांवों में इस तरह के जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाने की जानकारी दी गई।


