सरगुजा

लंबित प्रकरणों के त्वरित निराकरण के निर्देश
27-Apr-2026 9:08 PM
लंबित प्रकरणों के त्वरित निराकरण के निर्देश

अंबिकापुर, 27 अप्रैल। कलेक्टर अजीत वसंत की अध्यक्षता में सोमवार को जिला कलेक्टरेट सभाकक्ष में साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में विभिन्न योजनाओं और लंबित प्रकरणों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने अधिकारियों को सुशासन तिहार अंतर्गत प्राप्त आवेदनों का गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक में जन्म प्रमाण पत्र निर्माण की प्रगति की समीक्षा की गई। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि जिन हितग्राहियों के जन्म प्रमाण पत्र बन चुके हैं, उनका आधार कार्ड बनवाने की प्रक्रिया भी प्रारंभ की जाए। साथ ही जाति प्रमाण पत्र और आयुष्मान कार्ड निर्माण की प्रगति की जानकारी ली गई। वनाधिकार पट्टा नामांतरण से संबंधित प्रकरणों की समीक्षा करते हुए उन्होंने लंबित मामलों का शत-प्रतिशत निराकरण सुनिश्चित करने को कहा।

डीएमएफ अंतर्गत निर्माण कार्यों की स्थिति की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने सभी कार्य समय-सीमा में पूर्ण कराने के निर्देश दिए। ग्रामीण क्षेत्रों में खेल सुविधाओं के विकास के तहत मई तक 25 स्थानों पर वॉलीबॉल कोर्ट तथा 5 फुटबॉल मैदान तैयार करने के निर्देश जनपद सीईओ को दिए गए। इसके साथ ही ऐसे हाई स्कूल, हायर सेकेंडरी स्कूल, पीएचसी और ट्राइबल हॉस्टल का चिन्हांकन करने को कहा गया, जहां मुख्य द्वार तक 100 मीटर सडक़ उपलब्ध नहीं है।

कलेक्टर ने लखनपुर में संचालित छेरी बैंक के विस्तार और सुदृढ़ीकरण के लिए कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश जिला पंचायत सीईओ को दिए। वहीं जिला शिक्षा अधिकारी को बिना सूचना लंबे समय से अनुपस्थित शिक्षकों की सूची तैयार कर बर्खास्तगी की कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया।

जनगणना 2027 की तैयारियों की समीक्षा

बैठक में आगामी जनगणना 2027 की तैयारियों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने कहा कि 1 मई से प्रारंभ होने वाले जनगणना कार्य को त्रुटिरहित और गुणवत्तापूर्ण ढंग से सम्पन्न कराया जाए। उन्होंने प्रगणकों की पर्याप्त उपलब्धता, प्रशिक्षण तथा कार्य विभाजन की जानकारी ली। गर्मी को ध्यान में रखते हुए सुबह और शाम के समय जनगणना कार्य कराने तथा प्रगणकों के बैंक विवरण अपडेट रखने के निर्देश भी दिए।

सुशासन तिहार के आवेदनों के निराकरण पर जोर

कलेक्टर ने कहा कि सुशासन तिहार अंतर्गत प्राप्त सभी आवेदनों का गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने जनसमस्या निवारण शिविरों में जनप्रतिनिधियों को आमंत्रित करने तथा आवेदकों को आवेदन की पावती अनिवार्य रूप से देने के निर्देश दिए।

सीएम जनदर्शन और पीजी पोर्टल के लंबित मामलों की समीक्षा

सीएम जनदर्शन एवं पीजी पोर्टल के लंबित प्रकरणों की विभागवार समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने निर्देश दिए कि 15 दिवस से अधिक कोई भी प्रकरण लंबित न रहे। विभाग स्तर पर निराकृत होने वाले प्रकरणों को प्राथमिकता के साथ शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। साथ ही कलेक्टर जनदर्शन, जन चौपाल और राजस्व प्रकरणों की भी विस्तृत समीक्षा की गई।

पीएम आवास योजना में तेजी लाने के निर्देश

कलेक्टर ने प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) की समीक्षा करते हुए जनपद सीईओ को मई माह तक न्यूनतम 5 हजार आवास पूर्ण कराने के निर्देश दिए। साथ ही पीएम जनमन आवासों में प्रगति लाने और स्वीकृत 19 आंगनबाड़ी केंद्रों का निर्माण भी मई माह तक पूर्ण करने के निर्देश दिए।

नक्शा प्रोजेक्ट की प्रगति पर दैनिक रिपोर्ट देने के निर्देश

बैठक में नक्शा प्रोजेक्ट की प्रगति की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने अधीक्षक भू-अभिलेख को ग्राउंड ट्रुथिंग कार्य की प्रतिदिन रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।

बैठक में जिला पंचायत सीईओ विनय कुमार अग्रवाल, अपर कलेक्टर सुनील नायक, सभी एसडीएम एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।


अन्य पोस्ट