सरगुजा
एक सप्ताह में समस्या नहीं सुलझी तो आंदोलन की चेतावनी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 27 अप्रैल। नगर के विभिन्न वार्डों में गहराते पेयजल संकट को लेकर सोमवार को नागरिकों और समाजसेवियों ने नगर पालिका निगम कार्यालय पहुंचकर धरना-प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने हाथों में बाल्टी, तसला और जरकिन लेकर निगम प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई तथा शीघ्र जलापूर्ति व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग की।
प्रदर्शन कर रहे नागरिकों ने बताया कि शहर के कई वार्डों में पिछले एक सप्ताह से पेयजल की भारी समस्या बनी हुई है। आरोप है कि कई स्थानों पर केवल 15 से 20 मिनट तक ही पानी की आपूर्ति हो रही है, वह भी काफी कम दबाव (फोर्स) में, जिससे लोगों को पर्याप्त पानी नहीं मिल पा रहा है। गर्मी के बढ़ते प्रकोप के बीच एक बाल्टी पानी के लिए भी लोगों को परेशान होना पड़ रहा है।
नागरिकों का कहना है कि पानी की अनियमित आपूर्ति के कारण घरेलू कार्यों के साथ-साथ पेयजल की व्यवस्था करना भी मुश्किल हो गया है। विशेष रूप से सुबह के समय पानी की कमी के कारण महिलाओं और बुजुर्गों को अधिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कई वार्डों से लगातार शिकायतें मिलने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं होने से लोगों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है।
प्रदर्शनकारियों ने नगर निगम आयुक्त को संबोधित ज्ञापन में मांग की है कि शहर के सभी वार्डों में नियमित और पर्याप्त पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि एक सप्ताह के भीतर जलापूर्ति व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया, तो नागरिकों को मजबूर होकर उग्र आंदोलन करना पड़ेगा।
नागरिकों ने निगम प्रशासन से शीघ्र कार्रवाई करते हुए वार्डों में यथाशीघ्र पानी की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा की गई कार्रवाई से अवगत कराने की भी मांग की है।


