सरगुजा

खराब सडक़ों की ‘वर्षगांठ’ मनाकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जताया विरोध
26-Apr-2026 9:20 PM
खराब सडक़ों की ‘वर्षगांठ’ मनाकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जताया विरोध

केक काटकर राहगीरों को खिलाया, जल्द निर्माण नहीं हुआ तो आंदोलन की चेतावनी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर, 26 अप्रैल। शहर के डॉ. राजेंद्र प्रसाद वार्ड और कबीर वार्ड में सडक़ों की बदहाली को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने अनोखे अंदाज में विरोध दर्ज कराया। वार्ड की जर्जर सडक़ों की ‘वर्षगांठ’ मनाते हुए कार्यकर्ताओं ने गड्ढों से भरे मार्ग पर केक काटा और वहां से गुजर रहे राहगीरों को केक, चॉकलेट खिलाकर तथा पानी पिलाकर विरोध प्रदर्शन किया।

इस दौरान दोनों वार्डों की सडक़ों की खराब स्थिति को लेकर बड़ी संख्या में कांग्रेस के वार्ड एवं बूथ स्तर के कार्यकर्ता तथा स्थानीय महिलाएं उपस्थित रहीं। प्रदर्शन के माध्यम से कार्यकर्ताओं ने संबंधित जनप्रतिनिधियों के खिलाफ नाराजगी जताई और शीघ्र सडक़ निर्माण की मांग की।

कांग्रेस मंडल अध्यक्ष गुरुप्रीत सिद्धू ने आरोप लगाया कि वार्ड के जनप्रतिनिधियों की प्राथमिकता आम नागरिकों की समस्याओं के समाधान के बजाय व्यक्तिगत सुविधाओं पर अधिक केंद्रित है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के एक पार्षद के आवास से जुड़े मार्ग को पहले सीसी रोड के रूप में बनाया गया और बाद में उस पर डामरीकरण भी किया गया, जबकि आम नागरिकों के उपयोग वाली सडक़ों के गड्ढों में अब तक मिट्टी तक नहीं डाली गई है।

वार्डवासियों ने चेतावनी दी कि यदि बारिश से पहले सडक़ों का निर्माण कार्य शुरू नहीं किया गया, तो व्यापक आंदोलन किया जाएगा।

प्रदर्शन के दौरान शशिकला तिवारी, नीतू शर्मा, शीला श्रीवास्तव, सीमा सिंह, शिप्रा शर्मा, शोभा शर्मा, बसंती सिंह, ललिता यादव, मंजू सिंह, संगीता कश्यप, अंजली, रिया दास, अमानत खान, लक्ष्मण खुसरो, अजय सिंह, राजेश चौधरी, सत्यम सिंह, मनीष सिंह, रंजीत सोनकर, त्रिशांत सिंह, रविंद्रनाथ तिवारी, सोना खान, इरफान खान सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।

 


अन्य पोस्ट