सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 25 अप्रैल। महिला आरक्षण को लेकर भाजपा द्वारा कांग्रेस सहित विपक्ष को महिला आरक्षण विरोधी बताए जाने के विरोध में जिला कांग्रेस कमेटी कार्यालय राजीव भवन में बैकुंठपुर की पूर्व विधायक अंबिका सिंहदेव ने प्रेसवार्ता आयोजित कर भाजपा पर दुष्प्रचार करने का आरोप लगाया।
प्रेसवार्ता में अंबिका सिंहदेव ने कहा कि संसद एवं विधानसभाओं में 33 प्रतिशत महिला आरक्षण का विधेयक सितंबर 2023 में कांग्रेस के सहयोग से एनडीए की केंद्र सरकार द्वारा पारित किया गया था, लेकिन अब तक इसे लागू नहीं किया गया है। उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार ने नई जनगणना एवं परिसीमन के बाद वर्ष 2034 में इसे लागू करने का तर्क दिया था, जिसका कांग्रेस सहित विपक्षी दलों ने विरोध किया और तत्काल लागू करने की मांग की।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस की मांग है कि लोकसभा की मौजूदा 543 सीटों में से 33 प्रतिशत यानी 181 सीटों को महिलाओं के लिए आरक्षित कर महिला आरक्षण को तुरंत लागू किया जाए। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा महिला आरक्षण के नाम पर मनमाफिक परिसीमन लागू कर अपने राजनीतिक हित साधना चाहती है।
श्रीमती सिंहदेव ने कहा कि देश में महिलाओं को मताधिकार, पंचायत एवं नगरीय निकायों में आरक्षण तथा संसद एवं विधानसभाओं में महिला आरक्षण की नींव कांग्रेस द्वारा ही रखी गई है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार यदि महिला आरक्षण को लेकर गंभीर है, तो उसे बिना देरी किए मौजूदा सीटों पर ही आरक्षण लागू करना चाहिए।
इस अवसर पर कांग्रेस जिलाध्यक्ष बालकृष्ण पाठक, निगम में नेता प्रतिपक्ष शफी अहमद, पीसीसी महामंत्री एवं पूर्व जिलाध्यक्ष राकेश गुप्ता, विनीत विशाल जायसवाल, महिला कांग्रेस अध्यक्ष श्रीमती सीमा सोनी, पूर्व महिला जिलाध्यक्ष श्रीमती संध्या रवानी, श्रीमती गीता प्रजापति, श्रीमती सरला सिंह, प्रीति सिंह तथा शकीला सिद्दकी सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।
हस्ताक्षर अभियान जारी
प्रेसवार्ता के दौरान जिला महिला कांग्रेस अध्यक्ष सीमा सोनी ने कहा कि भाजपा महिला आरक्षण को लेकर दुष्प्रचार कर रही है, जबकि सरगुजा सहित प्रदेश में बढ़ते महिला अपराधों पर चुप्पी साधे हुए है।
उन्होंने आरोप लगाया कि अंबिकापुर में हाल ही में एक महिला की हत्या के बाद भी कानून-व्यवस्था में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ है। शहर की सडक़ों पर अंधेरा, पुलिस गश्त की कमी तथा नशे के कारोबार पर नियंत्रण न होने से महिलाओं की सुरक्षा पर खतरा बढ़ रहा है।
उन्होंने भाजपा की महिला पदाधिकारियों से महिला सुरक्षा के मुद्दे पर मजबूती से आवाज उठाने की अपील करते हुए महिला अपराधों के विरोध में हस्ताक्षर अभियान जारी रखने की जानकारी दी।