सरगुजा
अंबिकापुर, 25 अप्रैल। ‘राष्ट्रीय पंचायती राज दिवस’ के अवसर पर छत्तीसगढ़ कांग्रेस कमेटी अल्पसंख्यक विभाग के प्रदेश महासचिव परवेज़ आलम गांधी ने कहा कि पंचायती राज संस्थाएं देश के लोकतंत्र की मजबूत नींव हैं और गांवों का सशक्त विकास ही देश की प्रगति का मार्ग प्रशस्त करता है।
उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी और विनोबा भावे के ‘ग्राम स्वराज’ के विचारों से प्रेरित होकर पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी के प्रयासों से कांग्रेस ने 73वां संविधान संशोधन लागू किया, जिससे पंचायती राज संस्थाओं को संस्थागत मजबूती मिली और लोकतंत्र जमीनी स्तर तक पहुंचा।
परवेज़ आलम गांधी ने कहा कि देश की पंचायतों में 33 प्रतिशत महिला आरक्षण कांग्रेस की देन है, जो कई राज्यों में बढक़र 50 प्रतिशत तक हो चुका है। इसके परिणामस्वरूप देशभर में लगभग 15 लाख महिलाएं पंचायतों में प्रतिनिधित्व कर रही हैं और जमीनी स्तर पर अपना महत्वपूर्ण योगदान दे रही हैं। उन्होंने इसे भारत की बड़ी उपलब्धि बताया।
उन्होंने आगे कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने वर्ष 2010 में इस दिन को ‘राष्ट्रीय पंचायती राज दिवस’ के रूप में घोषित किया था। कांग्रेस पार्टी ग्राम स्वराज की भावना को मजबूत करने और पंचायतों को सशक्त बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।


