सरगुजा

अंग्रेजी शराब संग कार चालक गिरफ्तार
25-Apr-2026 9:56 PM
 अंग्रेजी शराब संग कार चालक गिरफ्तार

सीतापुर, 25 अप्रैल। अवैध अंग्रेजी शराब की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना सीतापुर पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 95 लीटर अंग्रेजी शराब और एक कार जब्त की है। आरोपी के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 23 अप्रैल को थाना सीतापुर पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि एक कार में अवैध अंग्रेजी शराब का परिवहन किया जा रहा है।

सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने प्रतापगढ़ सडक़पारा मुख्य मार्ग पर घेराबंदी कर रेनॉल्ट किगर कार क्रमांक सीजी 15 डीव्ही 7455 को रोककर तलाशी ली।

तलाशी के दौरान कार की डिक्की और ड्राइवर सीट के पीछे रखे कार्टून में मेडॉफ व्हिस्की 48 नग तथा गोवा स्पेशल व्हिस्की 480 नग बरामद की गई। जब्त शराब की कुल मात्रा लगभग 95 लीटर तथा कीमत 65,280 रुपये बताई गई है।

पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम सूरज गुप्ता निवासी लुंड्रा, जिला सरगुजा बताया। आरोपी शराब परिवहन के संबंध में कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तार करते हुए न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है।


अन्य पोस्ट