सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 25 अप्रैल। संजय नगर स्थित माउंट लिटेरा ज़ी स्कूल में दो दिवसीय शिक्षक प्रशिक्षण सत्र का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। प्रशिक्षण का उद्देश्य शिक्षकों को आधुनिक शिक्षण पद्धतियों, प्रभावी कक्षा प्रबंधन और समग्र शैक्षणिक दृष्टिकोण से सशक्त बनाना रहा।
कार्यक्रम में जी लर्न की आरएसडी नीरू नैय्यर का आगमन हुआ, जिनका विद्यालय परिवार द्वारा स्वागत किया गया। प्रशिक्षण के दौरान उन्होंने अपने अनुभव साझा करते हुए शिक्षकों को प्रभावी शिक्षण विधियों, कक्षा प्रबंधन तथा विद्यार्थियों के प्रति संवेदनशील एवं सहानुभूतिपूर्ण दृष्टिकोण अपनाने के व्यावहारिक सुझाव दिए। साथ ही विद्यालय की शैक्षणिक कार्यप्रणाली, ब्रांड पहचान और पाठ्यक्रम संरचना पर भी चर्चा की गई।
प्रशिक्षण के अंतर्गत आई केयर कार्यक्रम के तहत पॉक्सो और पोश विषय पर विशेष सत्र आयोजित किया गया, जिसमें बच्चों की सुरक्षा, उनके अधिकारों और सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित करने के उपायों पर विस्तार से जानकारी दी गई। यह सत्र शिक्षकों के लिए अत्यंत उपयोगी रहा।
अंतिम चरण में माइक्रो टीचिंग का आयोजन किया गया, जिसमें शिक्षकों ने अपनी शिक्षण शैली प्रस्तुत की। इस दौरान नीरू नैय्यर ने प्रत्येक प्रस्तुति पर रचनात्मक मार्गदर्शन दिया, जिससे शिक्षकों के कौशल में निखार आया।
कार्यक्रम के समापन पर फीडबैक और मूल्यांकन के माध्यम से प्रतिभागियों की समझ का आंकलन किया गया।
इस अवसर पर विद्यालय की प्राचार्या वर्षा अग्रवाल ने प्रशिक्षण सत्र को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि ऐसे ज्ञानवर्धक सत्र शिक्षकों के शैक्षणिक विकास और कक्षा शिक्षण को और प्रभावी बनाने में सहायक सिद्ध होंगे।


