सरगुजा

मंत्री राजेश अग्रवाल की मौजूदगी में डीएमएफ शासी परिषद की बैठक, स्वास्थ्य-शिक्षा पर विशेष फोकस के निर्देश
24-Apr-2026 9:25 PM
मंत्री राजेश अग्रवाल की मौजूदगी में डीएमएफ शासी परिषद की बैठक, स्वास्थ्य-शिक्षा पर विशेष फोकस के निर्देश

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर, 24 अप्रैल। जिला खनिज संस्थान न्यास (डीएमएफ) की शासी परिषद की बैठक शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित की गई। बैठक में पर्यटन, संस्कृति, धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व मंत्री राजेश अग्रवाल की उपस्थिति तथा कलेक्टर एवं अध्यक्ष जिला खनिज संस्थान न्यास अजीत वसंत की अध्यक्षता में विभिन्न विकास कार्यों की समीक्षा की गई।

बैठक में प्रबोध मिंज (लुण्ड्रा विधायक), जिला पंचायत अध्यक्ष निरुपा सिंह, पुलिस अधीक्षक राजेश अग्रवाल, डीएफओ अभिषेक जोगावत सहित शासी परिषद के सदस्य उपस्थित रहे।

बैठक में सीईओ जिला पंचायत एवं सदस्य सचिव जिला खनिज संस्थान न्यास विनय अग्रवाल ने वर्ष 2016-17 से 2025-26 तक विभिन्न सेक्टरों में स्वीकृत, पूर्ण और प्रगतिरत कार्यों की जानकारी प्रस्तुत की। इसमें स्वास्थ्य, शिक्षा, पेयजल आपूर्ति, पर्यावरण संरक्षण, कृषि, पशुपालन, महिला एवं बाल कल्याण तथा स्वच्छता जैसे प्राथमिकता वाले क्षेत्रों के कार्यों की समीक्षा की गई।

मंत्री राजेश अग्रवाल ने बैठक में कहा कि स्वास्थ्य, शिक्षा, कृषि, पशुपालन, महिला एवं बाल विकास और स्वच्छता जैसे क्षेत्रों पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता है। उन्होंने पूर्व में स्वीकृत कार्यों को शीघ्र पूर्ण करने तथा ‘सुपर-30’ कोचिंग के माध्यम से विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की बेहतर तैयारी कराने पर जोर दिया। साथ ही अधिकारियों को सभी कार्य गुणवत्तापूर्ण ढंग से समय पर पूर्ण कराने के निर्देश दिए।

वहीं विधायक प्रबोध मिंज ने कृषि क्षेत्र में विशेष फोकस करने की आवश्यकता बताते हुए कहा कि विभागीय प्रस्ताव जनप्रतिनिधियों के साथ समन्वय कर तैयार किए जाएं, ताकि खनिज न्यास की राशि का जनहित में बेहतर उपयोग सुनिश्चित हो सके।

कलेक्टर ने कहा कि जिले में स्वास्थ्य और शिक्षा क्षेत्र को प्राथमिकता देते हुए राशि व्यय की जा रही है। नए नियमों के अनुरूप पंचवर्षीय कार्ययोजना के लिए विभागों से प्रस्ताव मंगाए गए हैं और डीएमएफ राशि का नियमानुसार उपयोग सुनिश्चित किया जाएगा।

बैठक में वित्तीय वर्ष 2025-26 के ऑडिट कार्य और वार्षिक प्रतिवेदन के अनुमोदन से संबंधित प्रस्ताव भी प्रस्तुत किए गए।


अन्य पोस्ट