सरगुजा

छात्रा संग आपत्तिजनक हालत में मिला संविदा शिक्षक, वीडियो फैलने पर स्कूल से हटाया
23-Apr-2026 11:12 PM
 छात्रा संग आपत्तिजनक हालत में मिला संविदा शिक्षक, वीडियो फैलने पर स्कूल से हटाया

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर,23 अप्रैल। सरगुजा जिले के बतौली थाना क्षेत्र में एक संविदा शिक्षक के छात्रा के साथ आपत्तिजनक स्थिति में पाए जाने का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद शिक्षा विभाग ने संबंधित शिक्षक को तत्काल प्रभाव से स्कूल से हटाकर बीईओ कार्यालय में अटैच कर दिया है। मामले की जांच के लिए विभागीय टीम गठित की गई है।

इस संबंध में जिला शिक्षा अधिकारी ने बताया कि जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार आगे की विभागीय कार्रवाई की जाएगी।

प्राप्त जानकारी के अनुसार बतौली स्थित स्वामी आत्मानंद स्कूल में पदस्थ संविदा शिक्षक सुरेश जायसवाल को 20 अप्रैल की देर रात सरमना क्षेत्र के लंकाडांड जंगल किनारे एक कार में कॉलेज छात्रा के साथ देखा गया। बताया जाता है कि रात करीब 1 बजे कुछ स्थानीय युवकों को जंगल किनारे खड़ी कार संदिग्ध लगी। संदेह होने पर जब वे कार के पास पहुंचे तो वाहन की पिछली सीट पर शिक्षक और छात्रा आपत्तिजनक स्थिति में पाए गए।

बताया जा रहा है कि मौके पर मौजूद युवकों ने पूरी घटना का वीडियो बना लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। वायरल वीडियो में कथित तौर पर शिक्षक द्वारा मामले को दबाने के लिए पैसे देने की पेशकश करते हुए भी देखा गया है। मौके पर खड़ी कार में स्वामी आत्मानंद संविदा शिक्षक एवं कर्मचारी संघ से संबंधित बोर्ड भी लगा हुआ बताया जा रहा है।

मामला सामने आने के बाद भारतीय जनता पार्टी के पदाधिकारियों ने इस पर आपत्ति जताते हुए जिला शिक्षा अधिकारी को शिकायत सौंपकर शिक्षक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। कल 22 अप्रैल को भाजपा प्रतिनिधिमंडल ने जिला शिक्षा अधिकारी दिनेश झा को ज्ञापन सौंपा।

शिकायत के बाद जिला शिक्षा अधिकारी ने प्रारंभिक कार्रवाई करते हुए शिक्षक सुरेश जायसवाल को स्वामी आत्मानंद स्कूल से हटाकर बीईओ कार्यालय उदयपुर में अटैच कर दिया है। साथ ही मामले की जांच के लिए एक समिति गठित की गई है। जांच दल में बीईओ बतौली शरद चंद्र मेशपाल, बीईओ सीतापुर तथा सेदम हाई स्कूल के प्राचार्य को शामिल किया गया है।


अन्य पोस्ट