सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 21 अप्रैल। अंबिकापुर-कटघोरा राष्ट्रीय राजमार्ग-130 को फोरलेन में अपग्रेड करने की योजना में अब लखनपुर में बायपास और लेमरू हाथी प्रोजेक्ट क्षेत्र में वन्यजीव अनुकूल सडक़ निर्माण का प्रावधान किया जाएगा। यह निर्णय पूर्व उपमुख्यमंत्री टी.एस. सिंहदेव द्वारा केंद्रीय सडक़ परिवहन मंत्री नितिन गडकरी को भेजे गए सुझाव पत्र के बाद लिया गया है।
जानकारी के अनुसार, अंबिकापुर से कटघोरा के बीच राष्ट्रीय राजमार्ग-130 को फोरलेन में विकसित करने की स्वीकृति मिल चुकी है और राष्ट्रीय राजमार्ग विभाग द्वारा सलाहकार कंपनी के माध्यम से विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार की जा रही है। यह मार्ग सरगुजा, सूरजपुर और कोरबा जिलों के उस वन क्षेत्र से होकर गुजरता है, जिसे लेमरू हाथी प्रोजेक्ट क्षेत्र के रूप में अधिसूचित किया गया है।
बताया गया है कि सरगुजा जिले के लखनपुर नगर पंचायत क्षेत्र में बायपास के अभाव में भारी यातायात नगर के मुख्य मार्ग से होकर गुजरता है, जिससे आए दिन सडक़ दुर्घटनाएं होती रहती हैं। इसी समस्या को ध्यान में रखते हुए पूर्व उपमुख्यमंत्री टी.एस. सिंहदेव ने 8 मार्च को केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी को पत्र लिखकर दो प्रमुख सुझाव दिए थे। इनमें पहला सुझाव लखनपुर नगर को यातायात दबाव से मुक्त करने के लिए बायपास निर्माण का था, जबकि दूसरा सुझाव लेमरू हाथी रिजर्व क्षेत्र में वन्यजीव संरक्षण को ध्यान में रखते हुए सडक़ निर्माण करने से संबंधित था।
उन्होंने पत्र में भारतमाला परियोजना के मानकों के अनुरूप इस क्षेत्र में एनिमल बैरिकेडिंग और पर्याप्त संख्या में एनिमल अंडरपास बनाने का सुझाव दिया था, ताकि वन्यजीवों की आवाजाही सुरक्षित बनी रहे।
राष्ट्रीय राजमार्ग विभाग ने इन सुझावों पर सकारात्मक प्रतिक्रिया देते हुए 20 अप्रैल को डीपीआर तैयार कर रही सलाहकार संस्था को आवश्यक संशोधन कर नई डीपीआर प्रस्तुत करने के निर्देश जारी किए हैं। इस संबंध में विभाग द्वारा पूर्व उपमुख्यमंत्री को भी अवगत कराया गया है।
पूर्व उपमुख्यमंत्री टी.एस. सिंहदेव ने इस पहल पर केंद्रीय सडक़ परिवहन मंत्री नितिन गडकरी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इससे क्षेत्र के निवासियों को यातायात सुविधा के साथ-साथ पर्यावरण और वन्यजीव संरक्षण को भी बढ़ावा मिलेगा।


