सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 20 अप्रैल। सरगुजा कलेक्टर अजीत वसंत ने प्रशासनिक व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से जिले में तहसीलदारों की पदस्थापना में व्यापक फेरबदल किया है। इस संबंध में आदेश 20 अप्रैल को जारी किया गया, जो तत्काल प्रभाव से लागू हो गया है। इस फेरबदल के तहत छह तहसीलदारों को नई तहसीलों में पदस्थ किया गया है, वहीं अपर कलेक्टर, एसडीएम एवं डिप्टी कलेक्टर स्तर के अधिकारियों के कार्य विभाजन में भी आंशिक संशोधन किया गया है।
जारी आदेश के अनुसार उमेश्वर बाज, तहसीलदार अंबिकापुर को मैनपाट का तहसीलदार बनाया गया है। श्रीमती तारा सिदार, तहसीलदार मैनपाट को उदयपुर, विकास जिंदल, तहसीलदार उदयपुर को अंबिकापुर, अमन चतुर्वेदी, तहसीलदार दरिमा को लखनपुर, अंकिता पटेल, तहसीलदार लखनपुर को बतौली तथा कमलावती सिंह, तहसीलदार बतौली को दरिमा का तहसीलदार नियुक्त किया गया है।
इसी क्रम में रामसिंह ठाकुर, अपर कलेक्टर एवं अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व)/दंडाधिकारी सीतापुर को अपर कलेक्टर अंबिकापुर पदस्थ करते हुए जिला कार्यालय में डिप्टी कलेक्टर रामराज सिंह को आबंटित सभी कार्यों का दायित्व सौंपा गया है। वहीं जे. आर. सतरंज, डिप्टी कलेक्टर एवं अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व)/दंडाधिकारी धौरपुर को जिला कार्यालय में कलेक्टर द्वारा सौंपे गए कार्यों का दायित्व दिया गया है।
विनय कुमार सोनी, अपर कलेक्टर एवं वरिष्ठ क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी अंबिकापुर को उनके वर्तमान दायित्वों के साथ धौरपुर अनुविभाग में अनुविभागीय अधिकारी, अनुविभागीय दंडाधिकारी तथा पंजीयन लोक न्यास का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। फागेश सिन्हा, डिप्टी कलेक्टर एवं अनुविभागीय अधिकारी दंडाधिकारी अंबिकापुर को सीतापुर अनुविभाग का प्रभार दिया गया है। बनसिंह नेताम, डिप्टी कलेक्टर एवं अनुविभागीय अधिकारी उदयपुर दंडाधिकारी को अंबिकापुर अनुविभाग में अनुविभागीय अधिकारी , अनुविभागीय दंडाधिकारी तथा पंजीयन लोक न्यास का प्रभार सौंपा गया है। इसके साथ ही उन्हें सिटी बस सोसायटी अंबिकापुर में कलेक्टर सरगुजा के प्रतिनिधि के रूप में नोडल अधिकारी तथा जिला सत्कार अधिकारी का अतिरिक्त दायित्व भी दिया गया है। वहीं रामराज सिंह, डिप्टी कलेक्टर अंबिकापुर को उदयपुर अनुविभाग में अनुविभागीय अधिकारी , अनुविभागीय दंडाधिकारी तथा पंजीयन लोक न्यास का प्रभार सौंपा गया है।


