सरगुजा

नारी शक्ति वंदन अधिनियम का विरोध महिला विरोधी मानसिकता का परिचायक- निशांत सिंह
19-Apr-2026 10:07 PM
नारी शक्ति वंदन अधिनियम का विरोध महिला विरोधी मानसिकता का परिचायक- निशांत सिंह

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर, 19 अप्रैल। भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) सरगुजा जिला अध्यक्ष निशांत सिंह  ने केंद्र सरकार द्वारा प्रस्तुत ‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम’ को ऐतिहासिक कदम बताते हुए इसका विरोध करने वाले विपक्षी दलों की कड़े शब्दों में निंदा की है।

जारी प्रेस विज्ञप्ति में निशांत सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने महिलाओं को लोकसभा और विधानसभाओं में 33 प्रतिशत आरक्षण देकर उन्हें उनका अधिकार और सम्मान देने का निर्णय लिया है। उन्होंने कहा कि संसद में इस विधेयक के पक्ष में 298 और विपक्ष में 230 मत पड़े, जिससे यह स्पष्ट होता है कि वर्षों तक इस विषय को लंबित रखने वाला विपक्ष आज भी नकारात्मक राजनीति कर देश की महिलाओं के सम्मान को ठेस पहुंचाने का प्रयास कर रहा है।

उन्होंने कहा कि यह अधिनियम देश की नारी शक्ति को नीति निर्धारण में सीधी भागीदारी देने वाला कदम है, जो विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में मील का पत्थर साबित हो सकता है।

उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष द्वारा आरक्षण में विसंगतियां बताना और तकनीकी कारणों का हवाला देना इस महत्वपूर्ण बदलाव को रोकने की साजिश है। उन्होंने कहा कि देश की आधी आबादी अब अपने अधिकारों के प्रति जागरूक हो चुकी है और नारी शक्ति वंदन अधिनियम का विरोध करने वाले दलों को आने वाले समय में देश की महिलाएं करारा जवाब देंगी।


अन्य पोस्ट