सरगुजा

फतेह बहादुर सिंह स्मृति कप क्रिकेट, नगरसेना टीम बनी विजेता
19-Apr-2026 10:06 PM
फतेह बहादुर सिंह स्मृति कप क्रिकेट, नगरसेना टीम बनी विजेता

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

लखनपुर,19 अप्रैल। युवा एकता मंच नवापारा समिति द्वारा आयोजित स्वर्गीय फतेह बहादुर सिंह स्मृति कप क्रिकेट प्रतियोगिता सीजन-4 का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। प्रतियोगिता के तहत विभागीय एवं पंचायत स्तरीय मैच खेले गए, जिनका फाइनल मुकाबला 18 अप्रैल, शनिवार की रात 8 बजे से शुरू हुआ।

फाइनल मुकाबले में मुख्य अतिथि के रूप में लुण्ड्रा विधायक प्रबोध मिंज, जनपद पंचायत अध्यक्ष शशिकला सिंह, भाजपा जिला उपाध्यक्ष दिनेश साहू, अजीत सिंह, विधायक प्रतिनिधि राकेश साहू, महामंत्री बिक्रम सिंह, कन्हैया सोनी, निखिल मरावी, गोपाल सिंह, पंकज सिंह सहित कई जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

विभागीय स्तर के फाइनल मैच में अंबिकापुर नगरसेना और उदयपुर बीईओ इलेवन के बीच रोमांचक मुकाबला खेला गया, जिसमें अंबिकापुर नगरसेना की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए खिताब अपने नाम किया। विजेता टीम को 11 हजार रुपए नगद एवं शील्ड तथा उपविजेता टीम को 5,500 रुपए नगद व शील्ड प्रदान कर सम्मानित किया गया।

वहीं पंचायत स्तरीय फाइनल मुकाबला तराजू इलेवन और पतराटोली टीम के मध्य खेला गया, जिसमें तराजू इलेवन ने पतराटोली को हराकर खिताब पर कब्जा जमाया। विजेता टीम को 30 हजार रुपए नगद व शील्ड तथा उपविजेता टीम को 20 हजार रुपए नगद एवं शील्ड देकर पुरस्कृत किया गया। आयोजन के सफल संचालन पर समिति के सदस्यों एवं खिलाडिय़ों की सराहना की गई।


अन्य पोस्ट