सरगुजा

घरेलू विवाद में चचेरे भाई की हत्या, आरोपी गिरफ्तार
18-Apr-2026 9:54 PM
घरेलू विवाद में चचेरे भाई की हत्या, आरोपी गिरफ्तार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

उदयपुर,18 अप्रैल। घरेलू विवाद के चलते चचेरे भाई की हत्या करने वाले आरोपी को चौकी केदमा पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने लकड़ी के बहिंगा और हंसिया से वार कर अपने चचेरे भाई की हत्या कर दी थी। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त दोनों हथियार जब्त कर लिए हैं।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, प्रार्थी जगत राम मंझवार निवासी ग्राम खुझी, चौकी केदमा, थाना उदयपुर ने 17 अप्रैल को रिपोर्ट दर्ज कराई। रिपोर्ट में बताया गया कि ग्राम खुझी में कमलेश मंझवार पिछले करीब एक वर्ष से अपने चचेरे भाई प्यारी राम मंझवार के घर में रह रहा था। दोनों के बीच पिछले छह माह से विवाद चल रहा था।

बताया गया कि 16 अप्रैल की रात लगभग 11 बजे दोनों के बीच फिर से विवाद हुआ। इसी दौरान आरोपी प्यारी राम मंझवार ने लकड़ी के बहिंगा से कमलेश मंझवार के सिर पर हमला कर दिया, जिससे वह मौके पर गिर गया। इसके बाद आरोपी ने हंसिया से गर्दन पर वार कर उसकी हत्या कर दी। सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे, जहां कमलेश मंझवार का शव घर की परछी में पड़ा मिला।

मामले में चौकी केदमा थाना उदयपुर में अपराध क्रमांक 67/26 के तहत धारा 103(1) बीएनएस के अंतर्गत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर गवाहों के बयान दर्ज किए तथा आरोपी प्यारी राम मंझवार (45 वर्ष), निवासी ग्राम खुझी, को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार कर लिया।

आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त लकड़ी का बहिंगा और हंसिया जब्त किया गया।

पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर दिया है।


अन्य पोस्ट