सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
सीतापुर,18 अप्रैल। शासकीय श्यामा प्रसाद मुखर्जी महाविद्यालय सीतापुर, सरगुजा के रसायन शास्त्र विभाग के एमएससी विद्यार्थियों का लघु शोध कार्य हेतु इंटर्नशिप प्रोग्राम प्रारंभ हो गया है। विद्यार्थी 15 से 25 अप्रैल तक शासकीय दिग्विजय ऑटोनॉमस स्नातकोत्तर महाविद्यालय राजनांदगांव के रसायन शास्त्र विभाग में इंटर्नशिप कर रहे हैं।
यह कार्यक्रम महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. सुशील कुमार टोप्पो के निर्देशन तथा रसायन शास्त्र विभागाध्यक्ष डॉ. रोहित कुमार बरगाह के नेतृत्व में संचालित किया जा रहा है। एमएससी चतुर्थ सेमेस्टर के विद्यार्थी छत्तीसगढ़ के प्रतिष्ठित संस्थान शासकीय दिग्विजय स्नातकोत्तर महाविद्यालय राजनांदगांव में लघु शोध कार्य कर रहे हैं।
बताया गया कि यह इंटर्नशिप कार्यक्रम दोनों महाविद्यालयों के बीच हुए एमओयू के तहत फैकल्टी, विद्यार्थियों एवं शोध कार्य को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित किया जा रहा है। शासकीय दिग्विजय स्नातकोत्तर महाविद्यालय राजनांदगांव की प्राचार्य डॉ. सुचित्रा गुप्ता के मार्गदर्शन में रसायन शास्त्र विभागाध्यक्ष प्रो. यूनुस रजा बेग तथा सहायक प्राध्यापक डॉ. डाकेश्वर कुमार वर्मा प्रोजेक्ट मेंटर के रूप में विशेष सहयोग प्रदान कर रहे हैं।
इंटर्नशिप कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थी फाइटोकेमिकल, एक्सट्रैक्शन प्रोसेस तथा नैनोपार्टिकल संश्लेषण से जुड़े शोध कार्य करेंगे। इसके अंतर्गत पौधों में पाए जाने वाले फाइटोकेमिकल स्क्रीनिंग एवं फार्माकोलॉजिकल गतिविधियों का अध्ययन भी किया जाएगा।
महाविद्यालय प्रबंधन के अनुसार यह कार्यक्रम विद्यार्थियों को व्यवहारिक ज्ञान एवं अनुसंधान आधारित शिक्षण से जोडऩे की दिशा में एक सराहनीय पहल है। इंटर्नशिप के दौरान छात्र-छात्राओं को आधुनिक प्रयोगशाला में कार्य करने का अवसर मिलेगा, जिससे वे उन्नत उपकरणों एवं तकनीकों से परिचित होने के साथ ही शोध पद्धति, डाटा विश्लेषण एवं प्रयोगात्मक कौशल में दक्षता प्राप्त कर सकेंगे।


