सरगुजा

सडक़ किनारे खड़े ट्रक से टकराई बस, एक मौत, दर्जनभर यात्री जख्मी
17-Apr-2026 10:55 PM
सडक़ किनारे खड़े ट्रक से टकराई बस, एक मौत, दर्जनभर यात्री जख्मी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

सूरजपुर, 17 अप्रैल। अंबिकापुर-बनारस अंतरराज्यीय मार्ग पर गुरुवार की मध्यरात्रि एक भीषण सडक़ हादसा हो गया।

बिहार-झारखंड से अंबिकापुर आ रही रॉयल यात्री बस (सीजी 06 जीवाय 0729) कल्याणपुर नवापारा के पास सडक़ किनारे खराब हालत में खड़े ट्रक (सीजी 07 सीजे 2971) से टकरा गई। बताया जा रहा है कि ट्रक चालक द्वारा कोई भी सुरक्षा संकेत या चेतावनी चिन्ह नहीं लगाया गया था, जिसके कारण यह दुर्घटना हुई।

 घटना रात करीब 11.30 से 11.45 बजे के बीच की बताई जा रही है। उस समय बस में सवार अधिकांश यात्री नींद में थे, जिससे चालक को खड़ी ट्रक का अंदाजा नहीं लग सका। तेज रफ्तार होने के कारण बस को नियंत्रित करना भी संभव नहीं हो पाया।

हादसे में बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। दुर्घटना में दर्जनभर यात्री घायल हुए हैं, जिनमें चार की हालत गंभीर बताई जा रही है, वहीं एक यात्री की मौत की खबर है।

सूचना मिलते ही लटोरी और खडग़वां पुलिस की पेट्रोलिंग टीम मौके पर पहुंची। पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बस से निकालकर अस्पताल भेजा गया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बस को चौकी परिसर में खड़ा कर लिया है।

बस में सवार अधिकांश यात्री पलामू जिले के छतरपुर, कल्याणपुर, बरगढ़, रामानुजगंज और भंडरिया क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं।


अन्य पोस्ट