सरगुजा

धौरपुर सीएचसी का निरीक्षण, अव्यवस्था पर फटकार
17-Apr-2026 10:54 PM
धौरपुर सीएचसी का निरीक्षण, अव्यवस्था पर फटकार

बिना सूचना गैरहाजिर कर्मियों को नोटिस

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अम्बिकापुर, 17 अप्रैल। सरगुजा संभागीय संयुक्त संचालक स्वास्थ्य सेवाएं सरगुजा डॉ. अनिल कुमार शुक्ला ने शुक्रवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र (सीएचसी) धौरपुर का आकस्मिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान मेडिकल स्टोर एवं लैब में अव्यवस्था पाए जाने पर संबंधित प्रभारी को कड़ी फटकार लगाई गई तथा व्यवस्थाओं में तत्काल सुधार के निर्देश दिए गए।

निरीक्षण के दौरान मेडिकल स्टोर में दवाओं के उचित रखरखाव के निर्देश दिए गए, वहीं लैब में अव्यवस्था पाए जाने पर जिम्मेदार कर्मचारियों को भविष्य में ऐसी स्थिति न होने की सख्त हिदायत दी गई। इसके साथ ही जीवन दीप समिति के माध्यम से अवकाश के दिनों में भी दो पालियों में सफाई व्यवस्था बनाए रखने, राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों की जानकारी बैनर-पोस्टर के माध्यम से प्रदर्शित करने तथा बढ़ती गर्मी को देखते हुए मरीजों के लिए कूलर की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए।

उपस्थिति पंजी के अवलोकन में कई कर्मचारी बिना सूचना के अनुपस्थित पाए गए। इनमें अनुज एक्का, प्रकाश कुमार, डॉ. बेबी प्रज्ञा ओझा (चिकित्सा अधिकारी), गोराती टोप्पो (स्टाफ नर्स), अतीसू टोप्पो, रोशनी सिंह, रूपन राम, अशोक कुमार एक्का, पी.आर. बंजारे तथा अजय सिंह सहित अन्य कर्मचारी शामिल हैं। इन सभी अनुपस्थित कर्मचारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। साथ ही संतोषजनक जवाब नहीं मिलने की स्थिति में संबंधित कर्मचारियों पर सिविल सेवा आचरण नियम 1965 के तहत कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।

निरीक्षण के दौरान यह भी सामने आया कि सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र धौरपुर में रजिस्टर संधारण, लैब व्यवस्था एवं संचालन संबंधी गाइडलाइन का सही तरीके से पालन नहीं किया जा रहा था।

इस संबंध में खण्ड चिकित्सा अधिकारी धौरपुर को भी नोटिस जारी किया गया है।

कार्यालय में प्राप्त शिकायतों के आधार पर यह जानकारी भी सामने आई कि सीएचसी धौरपुर अंतर्गत पदस्थ 9 कर्मचारी अन्यत्र संलग्न होकर कार्य कर रहे हैं और उन्होंने मूल पद पर उपस्थिति नहीं दी है। इस पर संबंधित कर्मचारियों का अप्रैल माह का वेतन रोकने के निर्देश दिए गए हैं।

वहीं विभागीय स्तर पर यह भी जानकारी सामने आई है कि सरगुजा संभाग में 400 से अधिक अधिकारी-कर्मचारी अपने मूल पद छोडक़र अन्य कार्यालयों में अटैच हैं, जिससे स्वास्थ्य सेवाओं की व्यवस्था प्रभावित हो रही है। संभागीय संयुक्त संचालक ने स्पष्ट किया है कि मूल पद पर वापस नहीं लौटने वाले अधिकारी-कर्मचारियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।

विधायक प्रबोध मिंज ने विधानसभा में उठाया था प्रश्न

सरगुजा संभाग में अधिकारी-कर्मचारी अपने मूल पद छोडक़र अन्य कार्यालयों में अटैच हैं, जिससे स्वास्थ्य सेवाओं की व्यवस्था प्रभावित हो रही है। इस आशय का प्रश्न लुण्ड्रा विधायक प्रबोध मिंज ने गत दिनों विधानसभा में उठाया था,प्रश्न पर स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया था। अब इस मामले को स्वास्थ्य विभाग गंभीरता से ले रहा है और बड़ी कार्रवाई के मूड में है।


अन्य पोस्ट