सरगुजा

ओबीसी के लिए पृथक कॉलम की मांग
15-Apr-2026 9:35 PM
ओबीसी के लिए पृथक कॉलम की मांग

 सर्व समाज ने राष्ट्रपति के नाम कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अम्बिकापुर, 15 अप्रैल। सरगुजा जिले में सर्व समाज के प्रतिनिधियों ने मंगलवार को राष्ट्रपति के नाम कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर आगामी जनगणना में अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) के लिए अलग कॉलम जोड़े जाने की मांग की। प्रतिनिधियों ने भारत सरकार द्वारा जारी राजपत्र में ओबीसी वर्ग के लिए पृथक कॉलम का प्रावधान नहीं होने पर गहरी आपत्ति जताई।

ज्ञापन में बताया गया कि देश की बड़ी आबादी अन्य पिछड़ा वर्ग से संबंधित है, इसके बावजूद जनगणना प्रक्रिया में इस वर्ग की स्पष्ट गणना नहीं होना सामाजिक न्याय के सिद्धांतों के विपरीत है। प्रतिनिधियों ने कहा कि यदि जनगणना में ओबीसी वर्ग के लिए अलग कॉलम नहीं जोड़ा गया, तो उनकी वास्तविक जनसंख्या का आंकलन संभव नहीं हो पाएगा और उन्हें उनके अधिकारों के अनुरूप योजनाओं का लाभ भी नहीं मिल सकेगा।

सर्व समाज के प्रतिनिधियों ने प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जनगणना कॉलम में ओबीसी वर्ग का समुचित उल्लेख नहीं किया गया, तो चरणबद्ध आंदोलन प्रारंभ किया जाएगा। इसी क्रम में 26 अप्रैल 2026 को रेल रोको आंदोलन करने की भी घोषणा की गई है।

ज्ञापन सर्व समाज के संयुक्त तत्वावधान में सौंपा गया, जिसमें विभिन्न सामाजिक संगठनों एवं वर्गों के प्रतिनिधि बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।


अन्य पोस्ट