सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
उदयपुर, 15 अप्रैल। सरगुजा जिले के उदयपुर थाना क्षेत्र में देर रात एक फल दुकान में आगजनी की घटना सामने आई है। अज्ञात असामाजिक तत्वों द्वारा लगाई गई आग में दुकान पूरी तरह जलकर खाक हो गई, जिससे करीब एक लाख रुपये का नुकसान होने का अनुमान है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम उदयपुर निवासी पिन्टू कुमार उर्फ अभिजीत सिंह द्वारा एचपी पेट्रोल पंप के सामने ‘वृंदावन फ्रूट्स एवं वेजीटेबल मार्केट’ नाम से फल दुकान संचालित की जाती है। बताया जा रहा है कि बीती रात करीब 2 बजे अज्ञात लोगों ने दुकान में आग लगा दी।
घटना की जानकारी पड़ोसी ऋषिकेश सोनी ने मोबाइल के माध्यम से दुकान संचालक को दी। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचने पर दुकान में भीषण आग लगी हुई थी। आसपास के लोगों एवं पुलिस की मदद से आग बुझाने का प्रयास किया गया। इसके बाद करीब 3 बजे अदानी कंपनी की दमकल वाहन मौके पर पहुंची, जिसके बाद आग पर काबू पाया जा सका।
आगजनी की इस घटना में दुकान में रखा लगभग 90 हजार रुपये मूल्य का फल, अलमारी, ट्रे तथा इलेक्ट्रॉनिक तराजू पूरी तरह जलकर नष्ट हो गए। इसके अलावा पास में खड़ी एक कार तथा घर की विद्युत व्यवस्था को भी नुकसान पहुंचा है।
पीडि़त ने आशंका जताई है कि अज्ञात असामाजिक तत्वों ने ज्वलनशील पदार्थ का उपयोग कर घटना को अंजाम दिया है। मामले की शिकायत थाना उदयपुर में दर्ज करा दी गई है। पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है तथा दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया है।


