सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अम्बिकापुर, 15 अप्रैल। ओरिएंटल पब्लिक स्कूल, अम्बिकापुर में अभिभावक-शिक्षक बैठक (पी.टी.एम.) आयोजित की गई। बैठक में विद्यालय की शिक्षा व्यवस्था, फीस संरचना और पाठ्यपुस्तकों से संबंधित विषयों पर चर्चा की गई।
बैठक में जिला शिक्षा अधिकारी डॉ. दिनेश कुमार झा, सहायक संचालक रविशंकर तिवारी, प्राचार्य संजीव कुमार सिंह तथा शिकायत शाखा से अखिलेश सोनी उपस्थित रहे। विद्यालय के अनुसार, कार्यक्रम में बड़ी संख्या में अभिभावक और शिक्षक शामिल हुए। बैठक के दौरान अभिभावकों ने शैक्षणिक व्यवस्था, रखरखाव, एनसीईआरटी पुस्तकों, यूनिफॉर्म और फीस से जुड़े विषयों पर अपने विचार रखे। विद्यालय प्रबंधन ने कहा कि संस्था शासन के निर्देशों के अनुसार कार्य करने का प्रयास करती है।
कुछ अभिभावकों ने बताया कि पाठ्यपुस्तकों की सूची विद्यालय के नोटिस बोर्ड और वेबसाइट पर उपलब्ध कराई गई है। साथ ही, कुछ अभिभावकों ने यह भी कहा कि एनसीईआरटी पुस्तकों के साथ अतिरिक्त पुस्तकों की आवश्यकता हो सकती है।
बैठक में यह भी चर्चा हुई कि पुस्तकों और यूनिफॉर्म की खरीद को लेकर विभिन्न जानकारियां प्रचलित हैं, जिन पर अभिभावकों ने अपनी राय रखी।
जिला शिक्षा अधिकारी ने अभिभावकों से फीस से संबंधित किसी भी समस्या को सामने रखने के लिए कहा। चर्चा के दौरान कुछ अन्य सुझाव, जैसे बुक बैंक की व्यवस्था, भी सामने आए। जिला शिक्षा अधिकारी ने कहा कि अभिभावकों और स्कूल प्रबंधन के बीच समन्वय आवश्यक है। कार्यक्रम के अंत में उप प्राचार्य तहसीन अहमद खान ने उपस्थित लोगों का आभार व्यक्त किया।


