सरगुजा

सरगवा में बेसिक स्काउटर-गाइडर प्रशिक्षण शिविर शुरू
15-Apr-2026 3:24 PM
सरगवा में बेसिक स्काउटर-गाइडर प्रशिक्षण शिविर शुरू

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर, 15 अप्रैल। भारत स्काउट्स एवं गाइड्स, जिला संघ सरगुजा के तत्वावधान में बेसिक स्काउटर एवं गाइडर प्रशिक्षण शिविर का शुभारंभ श्री साईं बाबा डे बोर्डिंग स्कूल, सरगवा (अंबिकापुर) परिसर में किया गया।  13 से 19 अप्रैल तक आयोजित होने वाले इस शिविर में प्रतिभागियों को स्काउटिंग-गाइडिंग से जुड़े विभिन्न विषयों का प्रशिक्षण दिया जाएगा।

कार्यक्रम का शुभारंभ जिला मुख्य आयुक्त तजिंदर सिंह बग्गा के मुख्य आतिथ्य में हुआ। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि स्काउटिंग केवल एक गतिविधि नहीं, बल्कि अनुशासन, सेवा भावना और जिम्मेदारी का विकास करने का माध्यम है, जो युवाओं को सशक्त नागरिक बनने की प्रेरणा देता है।

कार्यक्रम में संभाग आयुक्त त्रिभुवन शर्मा, जिला सचिव महेंद्र सिंह, जिला सह सचिव रेशमा लकड़ा, जिला प्रशिक्षण आयुक्त मनीष गुप्ता एवं जिला संगठन आयुक्त योगेश विश्वकर्मा सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे। वक्ताओं ने शिविर को युवाओं के सर्वांगीण विकास, चरित्र निर्माण एवं नेतृत्व क्षमता के विकास का महत्वपूर्ण मंच बताया।

शिविर के सफल संचालन के लिए राज्य मुख्यालय द्वारा अनुभवी प्रशिक्षकों की नियुक्ति की गई है। बेसिक स्काउट मास्टर प्रशिक्षण के लिए शिविर संचालक डॉ. जगदीश कुमार साहू (जिला बलौदाबाजार) नियुक्त किए गए हैं, जबकि सहायक शिविर संचालक के रूप में रामदत्त पटेल, बेलभद्र देवांगन, उमेश कुमार गुर्जर एवं समय लाल काठे सहयोग प्रदान कर रहे हैं। इसी प्रकार बेसिक गाइड कैप्टन प्रशिक्षण के लिए शिविर संचालक जेरमिना एक्का (जिला कोरिया) हैं, जिनके साथ सहायक शिविर संचालक के रूप में अनीता तिग्गा, कौशल्या मलिक, पुष्पिका मिन्ज एवं मनीषा तिर्की प्रशिक्षण कार्य में संलग्न हैं। शिविर के दौरान प्रतिभागियों को स्काउटिंग-गाइडिंग के मूल सिद्धांत, प्राथमिक उपचार, शिविर जीवन, अनुशासन, नेतृत्व विकास, दल निर्माण, पर्यावरण संरक्षण एवं समाजसेवा से जुड़े विषयों का व्यवहारिक प्रशिक्षण दिया जाएगा।

कार्यक्रम में स्काउट शाखा प्रभारी रवि कुजूर, वरिष्ठ स्काउटर हरि प्रसाद राजवाड़े, सतीश भाई पटेल, वरिष्ठ गाइडर संगीता राज तिर्की, अरुणा टोप्पो, सुस्मिता मार्टिना एक्का सहित बड़ी संख्या में स्काउटर-गाइडर, रोवर-रेंजर एवं प्रतिभागी उपस्थित रहे।


अन्य पोस्ट